आईएसपीएल के चौथे सत्र के लिए प्लेयर ऑक्शन कल, आठ फ्रेंचाइजी तैयार करेंगी अपनी टीमें

WhatsApp Channel Join Now
आईएसपीएल के चौथे सत्र के लिए प्लेयर ऑक्शन कल, आठ फ्रेंचाइजी तैयार करेंगी अपनी टीमें


आईएसपीएल के चौथे सत्र के लिए प्लेयर ऑक्शन कल, आठ फ्रेंचाइजी तैयार करेंगी अपनी टीमें


दोपहर चार बजे से होगी नीलामी, सचिन तेंदुलकर, सैफ अली खान और करीना कपूर खान सहित कई दिग्गज रहेंगे मौजूद

मुंबई, 14 नवंबर (हि.स.)। इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (आईएसपीएल) के चौथे सत्र के लिए खिलाड़ी नीलामी रविवार, 15 नवंबर को मुंबई में आयोजित की जाएगी। टेनिस बॉल से खेले जाने वाले इस टी10 टूर्नामेंट की आठों फ्रेंचाइजी आगामी सत्र के लिए अपनी टीमें तैयार करेंगी। नीलामी को लीग के चौथे सत्र की तैयारियों का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।

नीलामी के दौरान आईएसपीएल की कोर समिति के सदस्यों के साथ कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार, क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर, मीनल अमोल काले और सूरज सामत मौजूद रहेंगे। इसके अलावा मुख्य चयनकर्ता जतिन परांजपे और प्रवीण आमरे भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। कोलकाता फ्रेंचाइजी टाइगर्स के सह-मालिक सैफ अली खान और करीना कपूर खान की भी मौजूदगी रहेगी।

नीलामी में प्रत्येक फ्रेंचाइजी के पास खिलाड़ियों को खरीदने के लिए 1.5 करोड़ रुपये का बजट होगा। हर टीम को 18 खिलाड़ियों का दल तैयार करना होगा। फ्रेंचाइजी को पिछले सत्र की अपनी टीम से एक खिलाड़ी को बरकरार रखने का विकल्प मिलेगा। इसके अलावा पात्र फ्रेंचाइजी के पास दो राइट टू मैच (आरटीएम) कार्ड भी होंगे।

टीम में आईएसपीएल के सभी आठ क्षेत्रों से कम से कम एक-एक खिलाड़ी और अंडर-19 वर्ग के कम से कम दो खिलाड़ियों को शामिल करना अनिवार्य होगा। वहीं, प्रत्येक मैच की अंतिम एकादश में कम से कम एक अंडर-19 खिलाड़ी और आईएसपीएल के चार अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले चार खिलाड़ी होने जरूरी हैं।

चौथे सत्र की नीलामी की एक प्रमुख विशेषता क्षेत्रीय ढांचे का विस्तार है। पहले पांच क्षेत्रों में बंटी लीग अब आठ क्षेत्रों में खिलाड़ियों का चयन करेगी। इसका उद्देश्य देशभर में प्रतिभाओं के दायरे को बढ़ाना और जमीनी स्तर पर क्रिकेट को अधिक प्रतिनिधित्व देना है। नए क्षेत्रों में सेंट्रल नॉर्थ, ईस्ट, नॉर्थ, नॉर्थ वेस्ट, साउथ सेंट्रल, साउथ ईस्ट, साउथ वेस्ट और वेस्ट शामिल हैं।

नए नियमों के तहत हर फ्रेंचाइजी को अपनी टीम में इन सभी आठ क्षेत्रों से कम से कम एक खिलाड़ी रखना होगा। साथ ही, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को मैदान पर भी अवसरों में बदलने के लिए टीम में शामिल प्रत्येक क्षेत्रीय खिलाड़ी को लीग चरण के कम से कम एक मुकाबले में खेलना अनिवार्य होगा।

नीलामी में बोली प्रक्रिया को रोमांचक बनाने के लिए 'गुगली पावर' नामक विशेष प्रावधान भी रखा गया है। इसके तहत कोई भी फ्रेंचाइजी मौजूदा बोली राशि से सीधे एक लाख रुपये की छलांग लगाकर बोली लगा सकेगी। इस विशेष बोली के इस्तेमाल के बाद सामान्य बोली वृद्धि की प्रक्रिया फिर से शुरू हो जाएगी। अधिक मांग वाले खिलाड़ियों को हासिल करने के लिए टीमें इस सुविधा का रणनीतिक इस्तेमाल कर सकेंगी।

नीलामी की कार्यवाही दोपहर चार बजे शुरू होगी। इसका सीधा प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा, जबकि टेलीविजन पर स्टार स्पोर्ट्स खेल के माध्यम से इसे देखा जा सकेगा। लीग का उद्देश्य 'स्ट्रीट टू स्टेडियम' की सोच के साथ देश की उभरती प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776787 Articles

Share this story