मुंबई इंडियंस ने मलिंगा, म्हाम्ब्रे और हॉपकिन्सन से नाता तोड़ा

WhatsApp Channel Join Now
मुंबई इंडियंस ने मलिंगा, म्हाम्ब्रे और हॉपकिन्सन से नाता तोड़ा


मुंबई, 29 अक्टूबर (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस ने अपनी पुरुष टीम के कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव करते हुए लसिथ मलिंगा, पारस म्हाम्ब्रे और कार्ल हॉपकिन्सन से अलग होने की घोषणा की है। फ्रेंचाइजी ने तीनों के योगदान, प्रतिबद्धता और सेवाओं के लिए आभार जताया है। इससे पहले टीम ने आईपीएल के मुख्य कोच महेला जयवर्धने से भी नाता तोड़ लिया था।

श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा मुंबई इंडियंस के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। उन्होंने टीम के गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करते हुए चार आईपीएल खिताब जीतने में अहम भूमिका निभाई थी। वह 2011 में चैंपियंस लीग टी20 का खिताब जीतने वाली मुंबई की टीम का भी हिस्सा थे। खिलाड़ी के रूप में टीम से जुड़ने के बाद मलिंगा ने मेंटर और कोच की भूमिका भी निभाई। फ्रेंचाइजी ने उनके जुनून, प्रतिस्पर्धी भावना और टीम के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी विरासत हमेशा मुंबई इंडियंस के इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगी।

पारस म्हाम्ब्रे का मुंबई इंडियंस के साथ लंबा जुड़ाव रहा। वह 2010 से 2017 तक टीम के साथ थे और 2024 में दोबारा फ्रेंचाइजी से जुड़े। भारतीय टीम के पूर्व गेंदबाजी कोच म्हाम्ब्रे ने अपने दोनों कार्यकाल में गेंदबाजों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें विकसित करने में अहम योगदान दिया। फ्रेंचाइजी ने उनके अनुभव, समर्पण और टीम की कार्यसंस्कृति की गहरी समझ की सराहना की।

कार्ल हॉपकिन्सन 2025 सत्र से पहले मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्टाफ में शामिल हुए थे। इंग्लैंड की पुरुष टीम के साथ काम करने का अनुभव रखने वाले हॉपकिन्सन ने मुंबई के क्षेत्ररक्षण स्तर को बेहतर बनाने में योगदान दिया। फ्रेंचाइजी ने उनके पेशेवर रवैये और विशेषज्ञता को भी सराहा।

महेला जयवर्धने भी पहले ही हो चुके हैं अलग

मुंबई इंडियंस ने इस महीने की शुरुआत में मुख्य कोच महेला जयवर्धने से भी अलग होने की घोषणा की थी। जयवर्धने ने पिछले दो सत्रों में टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाली थी। यह फ्रेंचाइजी के साथ उनका दूसरा कार्यकाल था। इससे पहले वह 2017 से 2022 तक टीम के मुख्य कोच रहे थे। अपने पहले कार्यकाल में उन्होंने मुंबई इंडियंस को तीन आईपीएल खिताब दिलाए थे।

हालांकि, दूसरे कार्यकाल में टीम का प्रदर्शन अपेक्षाकृत निराशाजनक रहा। मुंबई इंडियंस 2025 में अंक तालिका में चौथे स्थान पर रही और क्वालीफायर-2 में हारकर बाहर हो गई। वहीं, 2026 के सत्र में टीम नौवें स्थान पर रही।

इन बदलावों के साथ मुंबई इंडियंस आगामी आईपीएल सत्र से पहले अपने कोचिंग ढांचे में नए सिरे से बदलाव कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768865 Articles

Share this story