आईपीएल 2026 : दिल्ली से मिली हार के बाद बोले श्रेयस अय्यर, “गेंदबाजी और फील्डिंग ने हमसे मैच छीन लिया”

WhatsApp Channel Join Now
आईपीएल 2026 : दिल्ली से मिली हार के बाद बोले श्रेयस अय्यर, “गेंदबाजी और फील्डिंग ने हमसे मैच छीन लिया”


आईपीएल 2026 : दिल्ली से मिली हार के बाद बोले श्रेयस अय्यर, “गेंदबाजी और फील्डिंग ने हमसे मैच छीन लिया”


धर्मशाला, 12 मई (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ मिली हार के लिए पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टीम की खराब गेंदबाजी और फील्डिंग को जिम्मेदार ठहराया।

सोमवार रात धर्मशाला में खेले गए रोमांचक मुकाबले में पंजाब ने 210 रन बनाने के बावजूद मैच गंवा दिया। अय्यर ने स्वीकार किया कि टीम ने अहम मौकों पर गलतियां कीं, जिसका खामियाजा हार के रूप में भुगतना पड़ा।

मैच के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा, “मैं बात को घुमाना नहीं चाहता। हमारी फील्डिंग और गेंदबाजी ने हमें मैच हराया। इस विकेट पर 210 रन 30 रन ज्यादा थे, क्योंकि गेंद सीम हो रही थी और बाउंस भी अनियमित था।”

उन्होंने आगे कहा कि टीम ने मैच में दिल्ली के बल्लेबाजों के दो अहम कैच छोड़े, जिससे मुकाबला पंजाब के हाथ से निकल गया।

गौरतलब है कि पंजाब किंग्स की टीम इस सीजन अब तक सबसे ज्यादा 19 कैच छोड़ चुकी है।

युजवेंद्र चहल को एक भी ओवर न देने के फैसले पर अय्यर ने कहा, “उन्हें गेंदबाजी देने का विचार था, लेकिन जिस तरह गेंद सीम हो रही थी, हमें लगा कि अगर तेज गेंदबाज सही लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी करें तो विकेट निकाल सकते हैं। दुर्भाग्य से हम ऐसा नहीं कर सके।”

धर्मशाला में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 210 रन बनाए। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 19 ओवर में 7 विकेट खोकर 216 रन बनाते हुए 3 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।

दिल्ली की ओर से कप्तान अक्षर पटेल और डेविड मिलर ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं। अक्षर पटेल ने चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। वहीं युवा ऑलराउंडर माधव तिवारी ने गेंद और बल्ले दोनों से अहम योगदान देकर टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई।

इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने धर्मशाला के मैदान पर 211 रन का लक्ष्य हासिल कर नया रिकॉर्ड भी बना दिया। यह इस मैदान पर किसी भी टीम द्वारा किया गया सबसे बड़ा सफल रन चेज है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story