आईपीएल 2026: राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर पर जुर्माना, पीएमओए प्रोटोकॉल उल्लंघन का मामला

WhatsApp Channel Join Now
आईपीएल 2026: राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर पर जुर्माना, पीएमओए प्रोटोकॉल उल्लंघन का मामला


नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रविंदर सिंह भिंडर पर बीसीसीआई ने 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई पीएमओए (प्लेयर्स मैच ऑफिसियल्स एरिया) प्रोटोकॉल के उल्लंघन के कारण की गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को उक्त जानकारी दी।

यह घटना 10 अप्रैल 2026 को गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले गए मैच नंबर 16 के दौरान हुई थी। भिंडर पर टीम डगआउट में मोबाइल फोन के उपयोग का आरोप है, जो बीसीसीआई के नियमों के तहत प्रतिबंधित है।

आईपीएल के दिशा-निर्देशों के अनुसार, डगआउट क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को मोबाइल फोन के उपयोग की अनुमति नहीं होती। केवल टीम मैनेजर और मीडिया मैनेजर को डिवाइस इस्तेमाल की अनुमति होती है, वह भी केवल ड्रेसिंग रूम के भीतर, डगआउट में नहीं।

भिंडर ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए बिना शर्त माफी मांगी है। चूंकि यह उनका पहला उल्लंघन था, इसलिए बीसीसीआई ने पीएमओए प्रोटोकॉल के तहत 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और भविष्य में नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी भी दी है।

गौरतलब है कि आईपीएल हर सीजन से पहले टीम कप्तानों और मैनेजरों के लिए अनिवार्य ब्रीफिंग आयोजित करता है, जिसमें एंटी-करप्शन और सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी दी जाती है।

रविंदर सिंह भिंडर लंबे समय से राजस्थान रॉयल्स से जुड़े हुए हैं। 2016 से 2018 के बीच टीम के निलंबन के दौरान उन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के साथ भी काम किया था, इसके बाद 2018 में वह दोबारा राजस्थान रॉयल्स से जुड़ गए।

अब राजस्थान रॉयल्स का अगला मुकाबला रविवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story