राजस्थान रॉयल्स पर मिली जीत पर वरुण चक्रवर्ती ने कहा-यह जीत हमारे लिए बेहद खास

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान रॉयल्स पर मिली जीत पर वरुण चक्रवर्ती ने कहा-यह जीत हमारे लिए बेहद खास


कोलकाता, 20 अप्रैल (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में संघर्ष कर रही कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को मिली अहम जीत के बाद स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने टीम के प्रदर्शन और दबाव को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में हर मैच अलग होता है और पिच की परिस्थितियां काफी अहम भूमिका निभाती हैं।

चक्रवर्ती ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “आज मैंने तीन विकेट लिए हैं, लेकिन हर मैच ऐसा नहीं होता। कई बार पिच स्पिनरों के लिए मददगार नहीं होती, ऐसे में रन भी पड़ते हैं। यह खेल का स्वभाव है और हमें इसे स्वीकार करना पड़ता है।”

टीम की बल्लेबाजी में उतार-चढ़ाव पर उन्होंने माना कि लगातार हार और बाहरी दबाव का असर खिलाड़ियों पर पड़ा है। उन्होंने कहा, “हम कुछ मैच नहीं जीत पाए, जिससे दबाव बढ़ा। लेकिन इस मुकाबले में हम बेहतर टीम के रूप में उतरे और जीत हासिल की। अभी भी हमें कई क्षेत्रों में सुधार करना है।”

उन्होंने कोचिंग स्टाफ की तारीफ करते हुए कहा कि मुश्किल हालात में टीम को संभालना आसान नहीं होता। उन्होंने कहा, “कोचिंग स्टाफ ने हमें एकजुट रखा और बाहरी आलोचनाओं का असर टीम पर नहीं पड़ने दिया। हम धीरे-धीरे वापसी करेंगे।” इस जीत को भावनात्मक बताते हुए चक्रवर्ती ने कहा, “ड्रेसिंग रूम में आज खिलाड़ियों की आंखों में आंसू थे। यह जीत हमारे लिए बहुत मायने रखती है।”

अपनी गेंदबाजी को लेकर उन्होंने कहा कि वह अपनी गति और लेंथ में ज्यादा बदलाव नहीं कर रहे हैं, बल्कि लाइन में विविधता लाकर बल्लेबाजों को बांधने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि टूर्नामेंट से पहले उन्हें उंगली में फ्रैक्चर हुआ था, जिससे फील्डिंग में दिक्कत हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि टूर्नामेंट के दूसरे चरण में पिचें धीमी होंगी, जिससे स्पिनरों को मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story