आरसीबी के जज्बे से खुश दिनेश कार्तिक बोले- खिलाड़ियों के प्रयास और रवैये पर गर्व
अहमदाबाद, 01 मई (हि.स.)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को गुरुवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, टीम के बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद गेंदबाजों ने मुकाबले को अंत तक रोमांचक बनाए रखा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 155 रन बनाए। इसके बाद गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए गुजरात को आसान जीत हासिल नहीं करने दी और मुकाबले को गहराई तक खींचा। हार के बावजूद टीम के मेंटर दिनेश कार्तिक ने गेंदबाजों और टीम के रवैये की जमकर तारीफ की।
उन्होंने कहा, “सबसे सराहनीय बात खिलाड़ियों का रवैया और गेंदबाजों का एकजुट प्रदर्शन रहा। एक चैंपियन टीम की तरह हमने मध्य ओवरों में उन्हें दबाव में डाला। अगर कुछ चीजें हमारे पक्ष में जातीं, तो नतीजा अलग भी हो सकता था। खिलाड़ियों के प्रयास और रवैये पर मुझे बहुत गर्व है।”
दिनेश कार्तिक ने विराट कोहली की 13 गेंदों में 28 रन की तेज शुरुआत की सराहना की, लेकिन साझेदारियां नहीं बनने को हार का कारण बताया।
कार्तिक ने कहा, “विराट ने शानदार शुरुआत की, बिल्कुल पुराने अंदाज वाला विराट। खासकर रबाडा के ओवर में उनकी बल्लेबाजी बेहतरीन थी। लेकिन हमने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। हर बार जब हमारे पास साझेदारी बनाने और मैच में आगे बढ़ने का मौका था, हम विकेट खो बैठे और यही अंत में भारी पड़ा।”
मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने मैच के बाद कहा, “यह वह परिणाम नहीं है, जिसके लिए हम यहां आए थे। सच यह है कि बल्लेबाजी में हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सके।” उन्होंने कहा, “यह निराशाजनक नतीजा है। हम जिस प्रदर्शन और परिणाम की उम्मीद कर रहे थे, वह नहीं मिला। इस तरह के स्कोर के साथ आप ज्यादा मैच नहीं जीत सकते। बल्लेबाजी समूह जानता है कि वह इससे बेहतर करने में सक्षम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

