पंजाब की लगातार हार के बावजूद स्पिन गेंदबाजी कोच प्लेऑफ की उम्मीदों को लेकर सकारात्मक

WhatsApp Channel Join Now
पंजाब की लगातार हार के बावजूद स्पिन गेंदबाजी कोच प्लेऑफ की उम्मीदों को लेकर सकारात्मक


धर्मशाला, 12 मई (हि.स.)। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को सोमवार को धर्मशाला के एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 55वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ करीबी हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, लगातार चौथी हार के बावजूद टीम के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने प्लेऑफ की उम्मीदों को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया है।

पंजाब किंग्स फिलहाल आईपीएल 2026 की अंक तालिका में चौथे स्थान पर बनी हुई है। टीम के 13 अंक हैं और अभी तीन मुकाबले बाकी हैं। ऐसे में प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना अब भी बरकरार है। मैच में पंजाब की शुरुआत बेहद विस्फोटक रही। प्रियांश आर्य (56) और प्रभसिमरन सिंह की ओपनिंग जोड़ी ने पहले तीन ओवरों में ही 51 रन जोड़ दिए। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 59 रन की पारी खेलकर टीम को 20 ओवर में 5 विकेट पर 210 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य को एक ओवर शेष रहते हासिल कर लिया।

मैच के बाद साईराज बहुतुले ने कहा, “हमने शानदार शुरुआत की थी। हां, हमने लगातार चार मुकाबले गंवाए हैं, लेकिन हम अब भी क्वालिफाई करने की दौड़ में बने हुए हैं। हमें बस इस हार को पीछे छोड़कर आगे बढ़ना है और अगले तीन मैचों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। यह उतार-चढ़ाव वाला टूर्नामेंट है और हमें अपने लक्ष्य पर फोकस बनाए रखना होगा।” उन्होंने बल्लेबाजी इकाई की भी तारीफ की, जिसने लगातार 200 से अधिक रन बनाए हैं।

बहुतुले ने कहा, “हर कोई निराश है, लेकिन जरूरत से ज्यादा सोचने या विश्लेषण करने का समय नहीं है। इस मैच से सीख लेना जरूरी है और सकारात्मक पक्ष यह है कि हमने फिर 200 से ज्यादा रन बनाए। हमें अपनी ताकत पर ध्यान देना होगा और अगले मुकाबले की तैयारी करनी होगी।” उन्होंने कहा, “हम अहम मौकों पर कैच छोड़ रहे हैं। हम निश्चित तौर पर उन क्षेत्रों पर काम करेंगे और देखेंगे कि कैसे खुद को फिर से पटरी पर लाया जाए। बड़े बदलाव समाधान नहीं हैं, क्योंकि सभी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। आने वाले मैचों में हम और बेहतर तथा मजबूत होंगे।”

पंजाब किंग्स का अगला मुकाबला 14 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होगा। बहुतुले को भरोसा है कि टीम अपनी फील्डिंग और गेंदबाजी की गलतियों को सुधारकर वापसी करेगी। अब पंजाब किंग्स धर्मशाला में ही रुकेगी और मुंबई इंडियंस के खिलाफ घरेलू दर्शकों के सामने जीत की राह पर लौटने की कोशिश करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story