आईपीएल में साकिब हुसैन के शानदार प्रदर्शन पर बोले बीसीए अध्यक्ष हर्षवर्धन, बिहार में बड़े मंच पर खेलने की क्षमता

WhatsApp Channel Join Now
आईपीएल में साकिब हुसैन के शानदार प्रदर्शन पर बोले बीसीए अध्यक्ष हर्षवर्धन, बिहार में बड़े मंच पर खेलने की क्षमता


नई दिल्ली, 14 अप्रैल (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में बिहार के युवा तेज गेंदबाज साकिब हुसैन ने अपने डेब्यू मैच में शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। उनके इस प्रदर्शन पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने खुशी जताते हुए इसे बिहार क्रिकेट के लिए गर्व का क्षण बताया।

हर्षवर्धन ने कहा कि साकिब का प्रदर्शन यह दर्शाता है कि बिहार के खिलाड़ियों में बड़े मंच पर बेहतरीन प्रदर्शन करने की पूरी क्षमता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि साकिब भविष्य में भी इसी तरह निरंतर अच्छा प्रदर्शन करते रहेंगे।

गोपालगंज जिले से आने वाले साकिब हुसैन ने सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए अपने पहले ही आईपीएल मैच में शानदार गेंदबाजी की। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

बीसीए के सचिव जियाउल अरफीन ने भी साकिब के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह पूरे बिहार क्रिकेट के लिए गर्व का पल है। उन्होंने कहा कि साकिब की मेहनत और समर्पण युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

इस मैच में साकिब हुसैन ने यशस्वी जायसवाल, डोनोवन फरेरा, जोफ्रा आर्चर और रवि बिश्नोई जैसे प्रमुख बल्लेबाजों को आउट कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले साकिब हुसैन का यह सफर काफी प्रेरणादायक रहा है। उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है, जो बिहार में क्रिकेट के बढ़ते ढांचे और अवसरों को भी दर्शाता है।

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने साकिब हुसैन को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story