अफगानिस्तान टेस्ट के लिए बुमराह-जडेजा को आराम; पंत की जगह राहुल बने उपकप्तान

WhatsApp Channel Join Now
अफगानिस्तान टेस्ट के लिए बुमराह-जडेजा को आराम; पंत की जगह राहुल बने उपकप्तान


नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को जून में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान शुभमन गिल संभालेंगे, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की जगह केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है।

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को इस मुकाबले के लिए आराम दिया गया है। इसके अलावा पिछली टेस्ट टीम का हिस्सा रहे अक्षर पटेल और आकाश दीप को भी इस बार जगह नहीं मिली है।

चयनकर्ताओं ने युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हुए राजस्थान के बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर मानव सुथार और पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया है। वहीं विदर्भ के बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे को भी मौका मिला है।

भारत ने अपना पिछला टेस्ट मुकाबला पिछले साल नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था, जहां टीम को 2-0 से हार का सामना करना पड़ा था। अब अफगानिस्तान के खिलाफ यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए नए संयोजन और युवा खिलाड़ियों को परखने का अहम अवसर माना जा रहा है।

अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की टेस्ट टीम:

शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story