दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम घोषित
अफ्रीका दौरे पर पांच टी20 मुकाबलों की सीरीज खेलेगी टीम इंडिया
नई दिल्ली, 24 मार्च (हि.स.)।भारतीय महिला क्रिकेट टीम के दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए टीम का ऐलान कर दिया गया है। चयन समिति ने पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए संतुलित और मजबूत टीम चुनी है, जिसकी कमान हरमनप्रीत कौर को सौंपी गई है, जबकि उपकप्तान की जिम्मेदारी स्मृति मंधाना निभाएंगी।
टीम में शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जो बल्लेबाजी को मजबूती देंगे। वहीं गेंदबाजी विभाग में रेणुका ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और श्रेयंका पाटिल जैसे नाम टीम को संतुलन प्रदान करते हैं। इसके अलावा कुछ युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है, जिनमें काश्वी गौतम, क्रांति गौड़ और श्री चारणी शामिल हैं।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह टी20 सीरीज 17 अप्रैल 2026 से शुरू होगी। सीरीज का दूसरा मैच 19, तीसरा 22 और चौथा 25 अप्रैल को खेला जाएगा।
पहला और दूसरा मुकाबला डरबन में खेला जाएगा, जबकि तीसरा और चौथा मैच जोहान्सबर्ग में आयोजित होगा। सीरीज का पांचवां और अंतिम मुकाबला 27 अप्रैल को खेला जाएगा। सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम और रात में खेले जाएंगे, जिससे भारतीय दर्शकों के लिए भी यह सीरीज आकर्षण का केंद्र बनी रहेगी।
यह दौरा आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की तैयारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है और टीम इंडिया इस सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर अपनी तैयारियों को और मजबूत करना चाहेगी।
भारतीय टीम:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्री चारणी, श्रेयंका पाटिल, काश्वी गौतम, भारती फुलमाली, उमा छेत्री (विकेटकीपर), अनुष्का शर्मा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

