धीमी ओवर गति के लिए मैच फीस का भारत पर 20 और वेस्टइंडीज पर 10 प्रतिशत जुर्माना
नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। भारत और वेस्टइंडीज पर शनिवार को न्यू चंडीगढ़ में खेले गए टी-20 के तीन मैचों की श्रृंखला के तीसरे और अंतिम एकदिवसीय मुकाबले में धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए भारत पर मैच फीस का 20 प्रतिशत, जबकि वेस्टइंडीज पर 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। समय की छूट को ध्यान में रखने के बाद भारत निर्धारित ओवर गति से चार ओवर और वेस्टइंडीज दो ओवर पीछे रहा।
दोनों टीमों के कप्तानों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए प्रस्तावित सजा को मान लिया, इसलिए औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।
आईसीसी अंतरराष्ट्रीय मैच रेफरी पैनल के प्रकाश भट्ट ने ये प्रतिबंध लगाए। मैदान पर अंपायर जयरामन मदनगोपाल और सैम नोगाज्स्की, तीसरे अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद तथा चौथे अंपायर वीरेंद्र शर्मा ने धीमी ओवर गति के आरोप लगाए थे।
वेस्टइंडीज ने तीसरे एकदिवसीय मुकाबले से पहले तीन मैचों की श्रृंखला 0-2 से गंवा दी थी, लेकिन न्यू चंडीगढ़ में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर भारत दौरे के एकदिवसीय चरण का शानदार अंत किया। शाई होप ने नाबाद 162 रन की पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। वेस्टइंडीज ने 352 रन के लक्ष्य का सफल पीछा करते हुए पुरुष एकदिवसीय क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा सफल रन चेज दर्ज किया।
अब दोनों टीमें पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला पर ध्यान केंद्रित करेंगी, जिसका पहला मुकाबला 6 अक्टूबर से खेला जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

