जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टीम घोषित, खराब फॉर्म के चलते संजू सैमसन बाहर

WhatsApp Channel Join Now
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टीम घोषित, खराब फॉर्म के चलते संजू सैमसन बाहर


नई दिल्ली, 06 जुलाई (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की पुरुष चयन समिति ने सोमवार को जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। इस दौरे पर भारतीय टीम तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेलेगी। श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे। तीनों मुकाबले हरारे में 23, 25 और 26 जुलाई को खेले जाएंगे।

सबसे बड़ी चर्चा विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को टीम से बाहर किए जाने को लेकर है। हालिया टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में लगातार खराब प्रदर्शन के कारण चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में जगह नहीं दी। संजू सैमसन का हालिया टी-20 रिकॉर्ड बेहद निराशाजनक रहा है। आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी-20 श्रृंखला में वह केवल 5 रन ही बना सके, जबकि भारत को 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 में भी वह सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। लगातार खराब प्रदर्शन के चलते उन्हें 5 जुलाई को खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले की प्लेइंग इलेवन से भी बाहर कर दिया गया था। अब चयनकर्ताओं ने उन्हें जिम्बाब्वे दौरे की टीम में भी शामिल नहीं किया है।

टीम में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को एक और मौका मिला है। उनके अलावा अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह को भी टीम में जगह दी गई है।

इस बीच चयन समिति ने इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला के लिए भी बदलाव किया है। चोटिल नितीश कुमार रेड्डी की जगह शिवम दुबे को भारतीय वनडे टीम में शामिल किया गया है।

जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टी-20 टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story