एशियाई खेल के लिए भारतीय क्रिकेट टीम घोषित, श्रेयस अय्यर को मिली कप्तानी

WhatsApp Channel Join Now
एशियाई खेल के लिए भारतीय क्रिकेट टीम घोषित, श्रेयस अय्यर को मिली कप्तानी


नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले एशियाई खेल 2026 के लिए भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी।

15 सदस्यीय भारतीय टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है। उन्होंने सूर्यकुमार यादव का स्थान लिया है।

इस वर्ष भारत को टी-20 विश्व कप का खिताब दिलाने वाले सूर्यकुमार यादव को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है।

टीम में 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी शामिल किया गया है। वैभव ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स के लिए 16 मैचों में 776 रन बनाए थे और पूरे सत्र में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे।

भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण के प्रमुख खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह को भी एशियाई खेलों की टीम में स्थान दिया गया है। हालांकि उन्हें जून और जुलाई में आयरलैंड तथा इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखलाओं के लिए विश्राम दिया गया था।

भारत मौजूदा एशियाई खेल क्रिकेट प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक विजेता है।

पिछली बार वर्ष 2023 में रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।

भारत के अलावा अफगानिस्तान, बांग्लादेश, पाकिस्तान, श्रीलंका और मेजबान जापान ने सीधे प्रतियोगिता के लिए स्थान हासिल किया है।

वहीं नेपाल, मलेशिया, हांगकांग और ओमान ने क्वालीफाइंग प्रतियोगिता के माध्यम से जगह बनाई और इस प्रकार कुल 10 टीमों का समूह पूरा हुआ।

भारतीय टीम:

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और वैभव सूर्यवंशी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story