कोहली और गंभीर के बीच किसी 'ब्रिज' की जरूरत नहीं : सितांशु कोटक

WhatsApp Channel Join Now
कोहली और गंभीर के बीच किसी 'ब्रिज' की जरूरत नहीं : सितांशु कोटक


कार्डिफ (यूके), 17 जुलाई (हि.स.)।

भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने मुख्य कोच गौतम गंभीर और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के बीच मतभेदों की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि दोनों के बीच नियमित बातचीत होती है और उन्हें किसी मध्यस्थ की आवश्यकता नहीं है।

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मैच में भारत की चार विकेट से हार के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोटक ने स्पष्ट किया कि अभ्यास सत्र के दौरान विराट कोहली से उनकी बातचीत केवल बल्लेबाजी से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर थी।

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह गौतम गंभीर और विराट कोहली के बीच संवाद का माध्यम बने हुए हैं, तो कोटक ने कहा, नहीं, विराट और गौतम आज ही शायद 10-12 बार बात कर चुके होंगे। मुझे नहीं लगता कि उन्हें किसी ब्रिज की जरूरत है।

बल्लेबाजी पर हुई थी चर्चा

कोटक ने बताया कि विराट ने खुद बल्लेबाजी से जुड़े कुछ पहलुओं पर उनसे चर्चा की थी। उन्होंने कहा कि इतने अनुभवी बल्लेबाज को बिना जरूरत तकनीकी सलाह देना उचित नहीं होता।

उन्होंने कहा, विराट बल्लेबाजी के लिए जाने से पहले कुछ चीजों पर बात करना चाहते थे। ईमानदारी से कहूं तो जब तक उन्हें खुद किसी बात की जरूरत महसूस न हो या कोई बड़ी तकनीकी बात नजर न आए, तब तक उनकी बल्लेबाजी में ज्यादा दखल नहीं देना चाहिए। उन्होंने फुटवर्क और कुछ अन्य पहलुओं को लेकर मुझसे चर्चा की थी और नेट्स के बाद भी इसी विषय पर बात हुई।

अफवाहों को बताया निराधार

कोटक ने कोहली और गंभीर के रिश्तों को लेकर चल रही चर्चाओं को भी सिरे से खारिज किया।

उन्होंने कहा, इन अफवाहों की बात करें तो मुझे नहीं पता कि ये कहां से आती हैं, लेकिन आती जरूर हैं।

दूसरे वनडे में इंग्लैंड ने की वापसी

मैच की बात करें तो सोफिया गार्डन्स, कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे में इंग्लैंड ने भारत को चार विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर कर दी।

234 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जो रूट ने नाबाद 99 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने विल जैक्स (30) के साथ 72 रन की अहम साझेदारी की, जबकि गस एटकिंसन 23 रन बनाकर नाबाद लौटे। इंग्लैंड ने लक्ष्य लगभग छह ओवर शेष रहते हासिल कर लिया।

इससे पहले भारत ने विराट कोहली (65) और श्रेयस अय्यर (66) के अर्धशतकों की बदौलत 44 ओवर में 233 रन बनाए थे। शुभमन गिल ने 31 और रोहित शर्मा ने 26 रन बनाए, जबकि बीमार केएल राहुल की जगह खेलने वाले ईशान किशन केवल एक रन बना सके।

इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर और गस एटकिंसन ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि साकिब महमूद को दो सफलताएं मिलीं।

अब तीन मैचों की वनडे श्रृंखला का फैसला 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खेले जाने वाले तीसरे और अंतिम मुकाबले में होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story