भारत-जापान के बीच पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला, सुजुकी कप में इतिहास रचने की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
भारत-जापान के बीच पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला, सुजुकी कप में इतिहास रचने की तैयारी


टोक्यो, 21 सितंबर (हि.स.)। भारत और जापान मंगलवार, 22 सितंबर को सुजुकी कप में पहली बार पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में आमने-सामने होंगे। तोचिगी प्रांत के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर होने वाला यह ऐतिहासिक मुकाबला भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ समारोह की शुरुआत का भी हिस्सा होगा।

मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे से खेला जाएगा और इसका सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा।

टी20 विश्व चैंपियन भारतीय टीम हाल में मिली श्रृंखला जीत के बाद जापान में मैदान पर उतरेगी। यह मुकाबला जापान के खिलाड़ियों के लिए दुनिया की शीर्ष टी20 टीमों में शामिल भारत के साथ खेलने का बड़ा अवसर होगा। वहीं भारतीय टीम भी जापान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए शानदार फॉर्म को जारी रखने की कोशिश करेगी।

भारत की ओर से कप्तान श्रेयस अय्यर के अलावा अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, जसप्रीत बुमराह और ईशान किशन सहित कई प्रमुख खिलाड़ी मैदान पर नजर आएंगे। जापान के खिलाड़ियों के सामने भारतीय टीम की मजबूत चुनौती होगी।

सुजुकी कप केवल क्रिकेट मुकाबले तक सीमित नहीं है। यह जापान में क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता और भारत-जापान के बीच खेलों के माध्यम से मजबूत होते संबंधों को भी रेखांकित करेगा। यह मुकाबला ‘स्पोर्ट 75’ पहल का पहला कदम होगा, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच लोगों के आदान-प्रदान और सहयोग को बढ़ावा देना है।

भारत और जापान के बीच पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला, मौजूदा विश्व चैंपियन भारतीय टीम की मौजूदगी और दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ समारोह इसे विशेष अवसर बना रहे हैं।

भारत-जापान मुकाबला 22 सितंबर को भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे से स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर सीधा प्रसारित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story