भारत ने न्यूजीलैंड को पांचवें वनडे में 22 रन से हराया, सीरीज पर 3-1 से किया कब्जा

WhatsApp Channel Join Now
भारत ने न्यूजीलैंड को पांचवें वनडे में 22 रन से हराया, सीरीज पर 3-1 से किया कब्जा


भारत ने न्यूजीलैंड को पांचवें वनडे में 22 रन से हराया, सीरीज पर 3-1 से किया कब्जा


- अर्शदीप रहे प्लेयर ऑफ द मैच, जबकि बरार ने प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार जीत

माउंट माउंगानुई, 15 नवंबर (हि.स.)। भारतीय तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने रविवार को पांचवें और निर्णायक वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड को 22 रन से हराकर श्रृंखला अपने नाम कर ली। बे ओवल में खेले गए कम स्कोर वाले रोमांचक मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 42.1 ओवर में 209 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 48.1 ओवर में 187 रन पर सिमट गई। इसके साथ ही भारत ने न्यूजीलैंड की धरती पर तीसरी बार एकदिवसीय श्रृंखला जीतने का गौरव हासिल किया। इससे पहले भारतीय टीम ने 2009 और 2018-19 में यहां वनडे श्रृंखला जीती थी।

भारत की जीत में अर्शदीप सिंह ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 30 रन देकर तीन विकेट लिए। अक्षर पटेल ने 28 रन देकर दो विकेट झटके, जबकि मोहम्मद सिराज ने 50 रन देकर दो विकेट हासिल किए। औकीब नबी, यश ठाकुर और नमन धीर को एक-एक सफलता मिली। न्यूजीलैंड की ओर से डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने सर्वाधिक 31 रन बनाए। अर्शदीप सिंह को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच व गुरनूर बरार को सीरीज में 9 विकेट हासिल करने के लिए मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया।

210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत संभली हुई रही। टिम सीफर्ट और विल यंग ने शुरुआती दो ओवर सावधानी से खेले, लेकिन मोहम्मद सिराज ने पांचवें ओवर में सीफर्ट को 14 रन के निजी स्कोर पर मिड-ऑन पर कैच करा दिया। न्यूजीलैंड का पहला विकेट 26 रन पर गिरा।

इसके बाद विल यंग और निक केली ने पारी को आगे बढ़ाया। यंग 42 गेंदों पर 22 रन बनाकर अर्शदीप सिंह की गेंद पर ऋतुराज गायकवाड़ को कैच दे बैठे। 64 रन पर दूसरा विकेट गिरने के बाद निक केली और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने पारी संभालने की कोशिश की। अर्शदीप ने 22 रन बनाने वाले केली और फिन एलन को लगातार दो ओवरों में आउट कर न्यूजीलैंड को 83 रन पर चार झटके दे दिए।

इसके बाद फॉक्सक्रॉफ्ट और माइकल ब्रेसवेल ने पांचवें विकेट के लिए संघर्ष किया। दोनों ने टीम का स्कोर 116 रन तक पहुंचाया। औकीब नबी ने ब्रेसवेल को 19 रन पर आउट किया, जबकि यश ठाकुर ने 42 गेंदों पर 31 रन बनाने वाले फॉक्सक्रॉफ्ट को पवेलियन भेज दिया। न्यूजीलैंड का स्कोर 119 रन पर छह विकेट हो गया।

कप्तान मिचेल सैंटनर और क्रिस्टियन क्लार्क ने इसके बाद पारी को संभालते हुए टीम का स्कोर 155 रन तक पहुंचाया। नमन धीर ने 24 रन बना चुके सैंटनर को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। इसके बाद अर्शदीप ने क्लार्क को 16 रन पर आउट कर अपना तीसरा विकेट हासिल किया। अक्षर पटेल ने जैकब डफी को विराट कोहली के हाथों कैच कराकर न्यूजीलैंड को नौवां झटका दिया। डफी ने नौ रन बनाए।

अंतिम दो ओवर में न्यूजीलैंड को जीत के लिए 23 रन की जरूरत थी। अक्षर पटेल ने ब्लेयर टिकनर को 14 रन पर आउट कर मेजबान टीम की पारी 187 रन पर समाप्त कर दी।

भारतीय बल्लेबाजी फिर लड़खड़ाई

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। रोहित शर्मा और विराट कोहली एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। रोहित सात रन बनाकर जैकब डफी की गेंद पर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को कैच दे बैठे। इसके बाद विराट कोहली पांच रन बनाकर मैथ्यू फिशर की गेंद पर विकेटकीपर टिम सीफर्ट को कैच थमा बैठे। भारत ने 33 रन पर दो विकेट गंवा दिए।

अगले ही ओवर में डफी ने ऋतुराज गायकवाड़ को 18 रन के निजी स्कोर पर सीफर्ट के हाथों कैच करा दिया। भारत का स्कोर 34 रन पर तीन विकेट हो गया। इसके बाद अक्षर पटेल और कप्तान श्रेयस अय्यर ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। अय्यर ने 26 गेंदों पर 22 रन बनाए, जिसमें तीन चौके शामिल थे। उन्हें ब्लेयर टिकनर ने शॉर्ट गेंद पर पुल शॉट खेलने के प्रयास में कैच कराया। भारत का चौथा विकेट 86 रन पर गिरा।

अक्षर ने ईशान किशन के साथ पारी आगे बढ़ाई। दोनों के बीच साझेदारी मजबूत हो रही थी, लेकिन माइकल ब्रेसवेल ने 55 गेंदों पर 46 रन बनाने वाले अक्षर को विल यंग के हाथों कैच करा दिया। अक्षर की पारी में पांच चौके और एक छक्का शामिल था। भारत ने 121 रन पर पांचवां विकेट गंवाया।

ईशान किशन और नमन धीर ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 39 रन जोड़े। नमन 22 गेंदों पर 31 रन बनाकर मिचेल सैंटनर की गेंद पर निक केली को कैच दे बैठे। सैंटनर ने इसके बाद औकीब नबी को पांच और यश ठाकुर को बिना खाता खोले आउट कर भारत का स्कोर 166 रन पर आठ विकेट कर दिया।

ईशान किशन ने 58 गेंदों पर 46 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और दो छक्के शामिल थे। उन्हें डफी ने आउट किया। इसके बाद अर्शदीप सिंह ने महज चार गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 14 रन बनाए, जबकि मोहम्मद सिराज 20 गेंदों पर 14 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों ने आखिरी विकेट के लिए 28 रन जोड़कर भारत को 209 रन तक पहुंचाया। न्यूजीलैंड की ओर से डफी ने 60 रन देकर तीन विकेट लिए। सैंटनर ने 47 रन देकर तीन और फिशर ने 28 रन देकर दो विकेट हासिल किए। ब्रेसवेल को एक विकेट मिला।

गंभीर को विदेशी धरती पर पहली वनडे श्रृंखला जीत

इसके साथ भारतीय मुख्य कोच गौतम गंभीर ने विदेशी धरती पर अपनी पहली वनडे श्रृंखला जीत ली। न्यूजीलैंड ने 2024 में भारत की घरेलू टेस्ट श्रृंखला में 12 साल और लगातार 18 श्रृंखलाओं से चले आ रहे अपराजेय अभियान को समाप्त किया था। अब भारत ने न्यूजीलैंड की धरती पर उसके लगातार सात साल और 11 द्विपक्षीय वनडे श्रृंखलाओं से चले आ रहे जीत के सिलसिले को तोड़ दिया। दिलचस्प बात यह है कि न्यूजीलैंड को घरेलू धरती पर पिछली बार वनडे श्रृंखला में भारत ने ही 2019 में हराया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777441 Articles

Share this story