तिलक और कुशाग्र के शतकों के बाद हर्षित-प्रिंस का कहर, भारत ‘ए’ ने नेपाल को 306 रन से हराया
नेपाल की टीम 26 रन पर सिमटी, लिस्ट-ए क्रिकेट का पांचवां सबसे छोटा स्कोर बनाया
दोहा, 20 नवंबर (हि.स.)। कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र के शानदार शतकों के बाद तेज गेंदबाजों हर्षित राणा और प्रिंस यादव की घातक गेंदबाजी के दम पर भारत ‘ए’ ने एसीसी पुरुष एशिया कप राइजिंग स्टार्स के ग्रुप-बी मुकाबले में नेपाल को 306 रन से हरा दिया। भारत ‘ए’ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में नौ विकेट पर 332 रन बनाए। जवाब में नेपाल की टीम 11.3 ओवर में महज 26 रन पर सिमट गई।
नेपाल का 26 रन का स्कोर लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास का पांचवां सबसे कम टीम स्कोर है। इस सूची में सबसे कम स्कोर का अनचाहा रिकॉर्ड वेस्टइंडीज अंडर-19 के नाम है।
टीम 17 अक्टूबर 2007 को ब्लेयरमोंट में बारबाडोस के खिलाफ मुकाबले में 14.3 ओवर में महज 18 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास में सबसे कम स्कोर का अनचाहा रिकॉर्ड वेस्टइंडीज अंडर-19 के नाम है। टीम 17 अक्टूबर 2007 को ब्लेयरमोंट में बारबाडोस के खिलाफ 14.3 ओवर में महज 18 रन पर ऑलआउट हो गई थी। इस सूची में दूसरे स्थान पर सारासेंस स्पोर्ट्स क्लब है, जिसने 13 दिसंबर 2012 को कोलंबो में कोल्ट्स क्रिकेट क्लब के खिलाफ 19 रन बनाए थे।
तीसरे स्थान पर मिडलसेक्स की टीम है, जो 23 जून 1974 को लीड्स में यॉर्कशायर के खिलाफ 23 रन पर सिमट गई थी।
चौथे स्थान पर ओमान की टीम है, जिसने 19 फरवरी 2019 को अल अमीरात में स्कॉटलैंड के खिलाफ 24 रन बनाए थे। अब 20 नवंबर 2026 को दोहा में भारत ‘ए’ के खिलाफ 26 रन पर सिमटने वाली नेपाल की टीम इस सूची में पांचवें स्थान पर आ गई है।
आज के मैच में नेपाल की पारी को समेटने में हर्षित राणा और प्रिंस यादव की स्विंग और सीम गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई। चोट से वापसी कर रहे हर्षित ने पहली ही गेंद से शानदार लय दिखाई और गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराया। नेपाल के बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों की इस बेहतरीन गेंदबाजी का कोई जवाब नहीं दे सके।
भारत ‘ए’ के कप्तान तिलक वर्मा ने 113 गेंदों पर 107 रन की पारी खेली। उन्होंने छह चौके और चार छक्के लगाए। वहीं, कुमार कुशाग्र ने 102 गेंदों पर 117 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और पांच छक्के शामिल रहे। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 191 गेंदों पर 206 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
भारत ‘ए’ की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा 13 गेंदों पर नौ रन बनाकर आउट हुए। आयुष बडोनी सात गेंदों पर दो रन ही बना सके, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 32 गेंदों पर 26 रन बनाए। इसके बाद तिलक और कुशाग्र ने पारी को संभाला और बड़े स्कोर की नींव रखी।
कुशाग्र के आउट होने के बाद तिलक ने भी तेजी से रन बनाए। रिंकू सिंह ने सात गेंदों पर नौ रन का योगदान दिया। सूर्यांश शेडगे ने 14 गेंदों पर नाबाद 36 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने चार छक्के और एक चौका लगाया। शाहबाज अहमद ने आठ रन बनाए। विप्रज निगम खाता नहीं खोल सके, जबकि हर्षित राणा ने एक रन बनाया। प्रिंस यादव एक रन बनाकर नाबाद रहे।
नेपाल की ओर से ललित राजबंशी और संदीप लामिछाने ने तीन-तीन विकेट लिए। नंदन यादव ने दो और पवन सर्राफ ने एक विकेट हासिल किया।
333 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम भारतीय तेज गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई। हर्षित राणा और प्रिंस यादव ने शुरुआती ओवरों में ही नेपाल की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। नेपाल ने केवल एक रन पर अपने चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला नहीं थमा और आठ ओवर के भीतर टीम का स्कोर 17 रन पर छह विकेट हो गया और पूरी टीम 11.3 ओवर में 26 रन पर सिमट गई।
नेपाल की ओर से पवन सर्राफ ने 19 गेंदों पर छह रन और राशिद खान ने 14 गेंदों पर छह रन बनाए। प्रातिस जीसी ने छह गेंदों पर चार रन का योगदान दिया। दीपक डुमरे ने एक रन बनाया, जबकि अरुण कुमाल, कुशल भुर्तेल, बासिर अहमद और लोकेश बम खाता नहीं खोल सके। नंदन यादव एक रन बनाकर नाबाद रहे। संदीप लामिछाने भी खाता नहीं खोल सके।
इस तरह नेपाल की पूरी टीम 11.3 ओवर में 26 रन पर ढेर हो गई और भारत ‘ए’ ने 306 रन की बड़ी जीत दर्ज की। नेपाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। मुकाबला दोहा के वेस्ट एंड पार्क अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

