न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में श्रेयस अय्यर करेंगे कप्तानी का पदार्पण, सीरीज जीत पर होंगी नजरें

WhatsApp Channel Join Now
न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में श्रेयस अय्यर करेंगे कप्तानी का पदार्पण, सीरीज जीत पर होंगी नजरें


शुभमन गिल, केएल राहुल और अंशुल कंबोज टेस्ट की तैयारी के लिए टीम से बाहर

नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुक्रवार को खेले जाने वाले चौथे वनडे मुकाबले में दोनों टीमें बड़े बदलावों के साथ उतरेंगी। श्रेयस अय्यर पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। पांच मैचों की श्रृंखला में 2-0 से आगे चल रही भारतीय टीम की नजरें यह मुकाबला जीतकर श्रृंखला अपने नाम करने पर होंगी। वहीं, तीसरा वनडे बारिश के कारण रद्द होने के बाद न्यूजीलैंड के लिए श्रृंखला बचाने का एकमात्र रास्ता बाकी दोनों मुकाबले जीतना है।

अय्यर के लिए यह मुकाबला कप्तानी में पदार्पण के साथ बल्ले से खुद को साबित करने का भी मौका होगा। इस श्रृंखला में शॉर्ट गेंदों के खिलाफ उनकी कमजोरी एक बार फिर सामने आई है। वह अंतिम दो वनडे में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। शुभमन गिल 19 नवंबर से शुरू होने वाली टेस्ट श्रृंखला की तैयारी के लिए टीम से बाहर हो गए हैं। केएल राहुल और अंशुल कंबोज भी लाल गेंद से अपने खेल को बेहतर करने के लिए टीम छोड़ चुके हैं।

इन बदलावों से रुतुराज गायकवाड़, ईशान किशन और अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को मौका मिलने की उम्मीद है। टेस्ट श्रृंखला से पहले इन खिलाड़ियों के लिए मैदान पर समय बिताना उपयोगी होगा।

गिल की गैर मौजूदगी में रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत कौन करेगा, यह देखना दिलचस्प होगा। इस दौड़ में ईशान किशन और रुतुराज गायकवाड़ शामिल हैं। हालांकि, गायकवाड़ ने अपने पिछले पांच वनडे मुकाबलों में मध्यक्रम में बल्लेबाजी की है।

अनुभवी रोहित शर्मा भी इस दौरे पर बड़ी पारी खेलने के इरादे से उतरेंगे। वह अब तक श्रृंखला में शून्य और 23 रन ही बना सके हैं। दूसरी ओर, चोट के कारण टी20 श्रृंखला के ज्यादातर मुकाबलों से बाहर रहे ईशान किशन भी वापसी के बाद अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे।

ईशान के सलामी बल्लेबाज के रूप में उतरने की प्रबल संभावना है। उन्होंने चार साल पहले इसी क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए दोहरा शतक लगाया था। राहुल की गैरमौजूदगी में वह विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी संभाल सकते हैं।

यदि गायकवाड़ मध्यक्रम में ही बल्लेबाजी करते हैं तो उनके पास खुद को साबित करने का अच्छा अवसर होगा। वह पिछले चार वनडे पारियों में एक शतक और एक अर्धशतक लगा चुके हैं। ऐसे में वह टीम के लिए उपयोगी विकल्प साबित हो सकते हैं।

गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज को शानदार फॉर्म में चल रहे अंशुल कंबोज की जगह मौका मिलने की उम्मीद है। सिराज पिछले तीन महीनों में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से दूर रहे हैं लेकिन पिछले सप्ताह भारत ए की ओर से खेलते हुए चार विकेट लेने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा होगा। यह भी दिलचस्प है कि अपनी प्रतिष्ठा के बावजूद सिराज को अब तक इस वनडे श्रृंखला में गेंदबाजी का मौका नहीं मिला है।

दूसरे वनडे में अच्छा प्रदर्शन करने वाले औकीब नबी और अर्शदीप सिंह अपनी जगह बरकरार रख सकते हैं।

न्यूजीलैंड के सामने श्रृंखला बचाने की चुनौती

दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की टीम भी कई अहम खिलाड़ियों के बिना मैदान पर उतरेगी। टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ और हेनरी निकोल्स टेस्ट क्रिकेट की तैयारी के लिए वनडे टीम से बाहर हो गए हैं।

टीम में हुए बदलावों पर विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट ने कहा, “जो भी खिलाड़ी बाहर गए खिलाड़ियों की जगह लेगा, वह अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करेगा। हमारी टीम में भी जो खिलाड़ी उन खिलाड़ियों की जगह आएंगे, वे पूरी कोशिश करेंगे।”

भारत की तरह न्यूजीलैंड के सहयोगी स्टाफ के आधे सदस्य भी टेस्ट टीम के साथ वेलिंगटन पहुंच चुके हैं। इससे व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का अंदाजा लगाया जा सकता है।

वनडे टीम में नियमित जगह नहीं बना पाने वाले सीफर्ट के लिए भी यह मुकाबला अहम होगा। उन पर प्रभावशाली प्रदर्शन करने का दबाव रहेगा क्योंकि उनके पास खुद को साबित करने के मौके सीमित होते जा रहे हैं।

न्यूजीलैंड ने घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के आधार पर पहली बार राष्ट्रीय टीम में चुने गए ब्रेट रैंडेल को भी टीम में शामिल किया है।

न्यूजीलैंड को घरेलू मैदान पर आखिरी बार सात साल पहले भारत के खिलाफ वनडे श्रृंखला में हार मिली थी। ऐसे में शुक्रवार का मुकाबला उसके लिए बेहद अहम होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775826 Articles

Share this story