भारत ने दूसरे टी20 में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया, 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त

WhatsApp Channel Join Now
भारत ने दूसरे टी20 में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया, 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त


भारत ने दूसरे टी20 में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया, 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त


क्राइस्टचर्च, 24 अक्टूबर (हि.स.)। भारत ने दूसरे टी20 मैच में शनिवार को न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल की। भारत ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी करने का निमंत्रण दिया। न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 180 रन बनाए।

भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.5 ओवर में छह विकेट पर 181 रन बनाकर चार विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने पांच मैचों की श्रृंखला में 2-0 की बढ़त बना ली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही। संजू सैमसन ने 14 और अभिषेक शर्मा ने 27 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी चार, कप्तान श्रेयस अय्यर सात और अक्षर पटेल 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

एक समय भारत ने 70 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे और टीम दबाव में थी।

ऐसे मुश्किल समय में तिलक वर्मा और नमन धीर ने छठे विकेट के लिए 42 रन जोड़कर भारत की उम्मीदें कायम रखीं। नमन ने 17 गेंदों पर 31 रन बनाए, जिसमें तीन छक्के शामिल थे। उनके आउट होने के बाद तिलक ने नीतीश कुमार रेड्डी के साथ मिलकर भारत को जीत तक पहुंचाया।

तिलक वर्मा ने 26 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और एक छक्का शामिल रहा। नीतीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान मिशेल सैंटनर ने चार विकेट लिए लेकिन उनकी टीम जीत नहीं बचा सकी।

न्यूजीलैंड ने फिलिप्स और जैकब्स की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 180 रन बनाए

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टिम सीफर्ट सात, फिन एलन 16 और डेरिल मिशेल छह रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स ने चौथे विकेट के लिए 116 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाला। फिलिप्स ने 43 गेंदों पर 70 रन बनाए, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल रहे। जैकब्स ने 46 गेंदों पर 58 रन की पारी खेली। माइकल ब्रेसवेल ने अंतिम ओवरों में दो गेंदों पर नाबाद 10 रन बनाकर टीम को 180 तक पहुंचाया।

भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने दो विकेट लिए, जबकि भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव और नीतीश कुमार रेड्डी को एक-एक सफलता मिली।

संक्षिप्त स्कोर

न्यूजीलैंड: 180/5, 20 ओवर - ग्लेन फिलिप्स 70, बेवन जैकब्स 58

भारत: 181/6, 19.5 ओवर - तिलक वर्मा नाबाद 51, नमन धीर 31, नीतीश कुमार रेड्डी नाबाद 26

परिणाम: भारत 4 विकेट से जीता। श्रृंखला में 2-0 की बढ़त।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766185 Articles

Share this story