आईसीसी ने अमेरिकी क्रिकेटर अखिलेश रेड्डी पर लगाया आठ साल का प्रतिबंध

WhatsApp Channel Join Now
आईसीसी ने अमेरिकी क्रिकेटर अखिलेश रेड्डी पर लगाया आठ साल का प्रतिबंध


नई दिल्ली, 03 अगस्त (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के भ्रष्टाचार रोधी न्यायाधिकरण ने अमेरिका के क्रिकेटर बोदुगुम अखिलेश रेड्डी को आईसीसी की भ्रष्टाचार रोधी संहिता के तीन उल्लंघनों का दोषी पाए जाने के बाद आठ वर्ष के लिए सभी प्रकार के क्रिकेट से प्रतिबंधित कर दिया है।

आईसीसी के अनुसार, यह प्रतिबंध 21 नवंबर 2025 से प्रभावी माना जाएगा, जिस दिन अखिलेश रेड्डी को अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था। उनका प्रतिबंध नवंबर 2033 तक लागू रहेगा।

यह मामला अबू धाबी टी10 लीग 2025 से जुड़ा है, जहां एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड की ओर से आईसीसी ने नामित भ्रष्टाचार रोधी अधिकारी (डीएसीओ) के रूप में जांच की थी।

जांच में अखिलेश रेड्डी को आईसीसी भ्रष्टाचार रोधी संहिता की धारा 2.1.1 का दोषी पाया गया, जो किसी मैच के परिणाम, प्रगति, संचालन या किसी अन्य पहलू को फिक्स करने या अनुचित तरीके से प्रभावित करने के प्रयास से संबंधित है।

इसके अलावा उन्हें धारा 2.1.4 के तहत भी दोषी पाया गया। इस धारा के तहत किसी अन्य खिलाड़ी या प्रतिभागी को मैच फिक्सिंग या भ्रष्ट गतिविधि के लिए उकसाने, प्रेरित करने, निर्देश देने या उसमें सहायता करने को अपराध माना जाता है।

न्यायाधिकरण ने अखिलेश रेड्डी को धारा 2.4.7 के उल्लंघन का भी दोषी ठहराया। जांच के दौरान उन्होंने अपने मोबाइल फोन से ऐसे डेटा और संदेश हटा दिए थे, जो जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकते थे। इसे जांच में बाधा डालने का प्रयास माना गया।

अखिलेश रेड्डी ने अप्रैल 2025 में अमेरिका के लिए चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे। वह इस वर्ष आईसीसी की भ्रष्टाचार रोधी संहिता के उल्लंघन में दोषी पाए जाने वाले अमेरिका के दूसरे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हैं। इससे पहले बल्लेबाज एरॉन जोन्स को 2023-24 सत्र के बारबाडोस बिम10 टूर्नामेंट के दौरान आईसीसी आचार संहिता के पांच उल्लंघनों के आरोप में अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story