आईसीसी बोर्ड में स्वतंत्र निदेशक नियुक्त हुईं डॉ. रोस सी. रिवाज़

WhatsApp Channel Join Now
आईसीसी बोर्ड में स्वतंत्र निदेशक नियुक्त हुईं डॉ. रोस सी. रिवाज़


आईसीसी बोर्ड में स्वतंत्र निदेशक नियुक्त हुईं डॉ. रोस सी. रिवाज़


नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने डॉ. रोस सी. रिवाज़ को स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है। वह शुरुआती तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए बोर्ड से जुड़ेंगी, जिसे अधिकतम तीन वर्ष और बढ़ाया जा सकता है।

डॉ. रिवाज़ वर्तमान में एंग्लियन वाटर की चेयरमैन हैं और यूरोप की मैटेरियल साइंस कंपनियों एपराम एसए तथा विक्ट्रेक्स पीएलसी में लीड इंडिपेंडेंट डायरेक्टर की जिम्मेदारी निभा रही हैं। उन्होंने ब्रिटेन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतिष्ठित कंपनियों में वरिष्ठ कार्यकारी पदों पर कार्य किया है।

आईसीसी ने शनिवार को अपने बयान में कहा कि डॉ. रिवाज़ को रणनीति निर्माण, जोखिम प्रबंधन और प्रदर्शन प्रबंधन का व्यापक अनुभव है, जिससे वह बोर्ड को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी।

बयान के अनुसार, अपने पूरे करियर के दौरान डॉ. रिवाज़ एक सक्रिय बोर्ड सदस्य रही हैं। उन्होंने सरकारी, व्यावसायिक और सामुदायिक क्षेत्रों के हितधारकों के साथ लगातार संवाद किया है। कॉर्पोरेट गवर्नेंस, दीर्घकालिक रणनीति और संचालन संबंधी उनकी गहरी समझ उन्हें आईसीसी बोर्ड के लिए एक मजबूत विकल्प बनाती है।

डॉ. रिवाज़ शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से भी जुड़ी रही हैं। उन्होंने युवतियों के बीच विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ‘योर-लाइफ’ अभियान का समर्थन किया है। इसके अलावा वह साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय परिषद की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं तथा वाटरएड सहित कई सामाजिक और सामुदायिक परियोजनाओं में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं।

अपनी नियुक्ति पर डॉ. रिवाज़ ने कहा,“क्रिकेट के लिए यह बेहद रोमांचक समय है और ऐसे दौर में आईसीसी बोर्ड से जुड़ना मेरे लिए सम्मान की बात है। क्रिकेट लगातार नए दर्शकों तक पहुंच रहा है, समुदायों को प्रेरित कर रहा है और दुनिया के सबसे प्रभावशाली खेलों में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है।”

उन्होंने कहा, “मैं आईसीसी अध्यक्ष, बोर्ड के अन्य सदस्यों और वैश्विक क्रिकेट परिवार के साथ मिलकर खेल के विकास में योगदान देने के लिए उत्साहित हूं। मजबूत प्रशासन, दीर्घकालिक सोच और समावेशी निर्णय प्रक्रिया क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।”

गौरतलब है कि वर्ष 2018 में पूर्व पेप्सिको चेयरमैन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी इंद्रा नूयी आईसीसी बोर्ड की पहली स्वतंत्र महिला निदेशक बनी थीं। स्वतंत्र निदेशक की नियुक्ति आईसीसी संविधान में किए गए व्यापक सुधारों का हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य संगठन में पारदर्शिता और सुशासन को मजबूत करना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story