नाहिद राणा और लॉरा वोल्वार्ड्ट बने अप्रैल महीने के आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ

WhatsApp Channel Join Now
नाहिद राणा और लॉरा वोल्वार्ड्ट बने अप्रैल महीने के आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ


दुबई, 14 मई (हि.स.)। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा और दक्षिण अफ्रीका महिला टीम की कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट को अप्रैल माह के लिए आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। नाहिद राणा ने पहली बार यह सम्मान हासिल किया, जबकि वोल्वार्ड्ट ने पिछले सात महीनों में तीसरी बार यह पुरस्कार अपने नाम किया।

नाहिद राणा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में शानदार गेंदबाजी करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह और संयुक्त अरब अमीरात के तेज गेंदबाज अजय कुमार को पीछे छोड़ते हुए पुरुष वर्ग का पुरस्कार जीता।

राणा को न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-1 से सीरीज जीतने वाली बांग्लादेश टीम में ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ भी चुना गया था। उन्होंने तीन मैचों में कुल आठ विकेट लिए और उनकी इकॉनमी 4.46 रही। मीरपुर में खेले गए दूसरे मुकाबले में उन्होंने 32 रन देकर पांच विकेट झटके, जिसकी बदौलत बांग्लादेश ने 55 रन से जीत दर्ज की। चटगांव में खेले गए अंतिम मुकाबले में भी उन्होंने दो विकेट हासिल किए।

पुरस्कार जीतने के बाद नाहिद राणा ने कहा, “न्यूजीलैंड जैसी विश्वस्तरीय टीम के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करने के बाद आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ चुना जाना बेहद खास एहसास है। अपने घरेलू मैदान पर यह उपलब्धि हासिल करना मेरे लिए यादगार रहेगा। मैं अपने साथियों का समर्थन और भरोसे के लिए आभारी हूं और आगे भी टीम की जीत में योगदान देना चाहता हूं।”

महिला वर्ग में दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट ने लगातार शानदार बल्लेबाजी के दम पर यह पुरस्कार जीता। उन्होंने श्रीलंका की बल्लेबाज इमेशा दुलानी और ब्राजील की ऑलराउंडर लॉरा कार्डोसो को पीछे छोड़ा।

वोल्वार्ड्ट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के अंतिम दो मैचों में लगातार 69-69 रन की पारियां खेलीं। इसके बाद भारत के खिलाफ घरेलू व्हाइट-बॉल सीरीज में उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक जड़ते हुए दक्षिण अफ्रीका को 4-1 से सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाई।

पुरस्कार जीतने के बाद वोल्वार्ड्ट ने कहा, “इतने कम समय में तीसरी बार आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ बनना बेहद शानदार एहसास है। मैं इसी आत्मविश्वास और निरंतरता के साथ आगे भी बल्लेबाजी जारी रखना चाहती हूं। यह मेरे करियर के सबसे बेहतरीन दौरों में से एक है।”

उन्होंने आगे कहा, “इस पुरस्कार को खास बनाने वाली बात यह है कि ये प्रदर्शन मौजूदा विश्व कप और टी-20 विश्व कप चैंपियन टीमों के खिलाफ आए। मैं अपनी टीम के साथियों के समर्थन के लिए आभारी हूं और उम्मीद करती हूं कि अगले महीने इंग्लैंड और वेल्स में होने वाले महिला टी-20 विश्व कप में भी इसी फॉर्म को जारी रखूंगी।”

आईसीसी ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों का चयन वैश्विक क्रिकेट प्रशंसकों और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों व मीडिया प्रतिनिधियों के विशेषज्ञ पैनल की वोटिंग के आधार पर किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story