आईसीसी वनडे रैंकिंग: अक्षर पटेल ऑलराउंडरों की टॉप-10 सूची में शामिल

WhatsApp Channel Join Now
आईसीसी वनडे रैंकिंग: अक्षर पटेल ऑलराउंडरों की टॉप-10 सूची में शामिल


नई दिल्ली, 15 जुलाई (हि.स.)। इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में शानदार प्रदर्शन का इनाम भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल को आईसीसी वनडे रैंकिंग में मिला है। ताजा रैंकिंग में अक्षर तीन स्थान की छलांग लगाकर ऑलराउंडरों की सूची में नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं।

बर्मिंघम में खेले गए पहले वनडे में अक्षर ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने चार विकेट लेने के साथ-साथ 52 गेंदों में 57 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर भारत की छह विकेट से जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

इस प्रदर्शन के दम पर अक्षर बल्लेबाजों की रैंकिंग में 18 स्थान की छलांग लगाकर 73वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं गेंदबाजों की सूची में भी वह दो स्थान ऊपर चढ़कर 42वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

शुभमन गिल नंबर-1 बनने के करीब

वनडे टीम में वापसी करने वाले शुभमन गिल ने पहले मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 75 गेंदों में 80 रन बनाए। इस पारी के बाद उन्हें रैंकिंग में 12 रेटिंग अंक का फायदा हुआ है।

अब गिल और वनडे के नंबर-1 बल्लेबाज डैरिल मिचेल के बीच सिर्फ 11 रेटिंग अंकों का अंतर रह गया है।

बुमराह और सुंदर को भी फायदा

लंबे समय बाद वनडे टीम में लौटे जसप्रीत बुमराह ने एक विकेट हासिल किया और गेंदबाजों की रैंकिंग में 24वें स्थान पर पहुंच गए।

वहीं वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 52 रन की उपयोगी पारी खेली, जिसके बाद बल्लेबाजों की रैंकिंग में उन्होंने 24 स्थान की छलांग लगाकर 177वां स्थान हासिल किया। ऑलराउंडरों की सूची में भी वह 16 स्थान ऊपर चढ़कर 55वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

रूट और डॉसन को भी मिला फायदा

इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने 76 गेंदों में 76 रन की पारी खेली, जिसके बाद वह वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में संयुक्त रूप से 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इसके अलावा लियाम डॉसन ने 68 रन की जुझारू पारी खेली, जिससे उन्हें बल्लेबाजों की रैंकिंग में 81 स्थान का फायदा हुआ और अब वह 262वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story