बाली में शुरू हुई आईसीसी बोर्ड और समिति की बैठकें, क्रिकेट के भविष्य पर होगी चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
बाली में शुरू हुई आईसीसी बोर्ड और समिति की बैठकें, क्रिकेट के भविष्य पर होगी चर्चा


बाली, 11 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की बोर्ड और समितियों की बैठकें बुधवार से इंडोनेशिया के बाली में शुरू हो गईं। 11 से 15 नवंबर तक चलने वाले इन बैठकों के कार्यक्रम में दुनिया भर से आईसीसी बोर्ड और समिति के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। वर्ष 2026 की ये अंतिम बैठकें आईसीसी और आईबीसी बोर्ड की बैठकों के साथ संपन्न होंगी।

इन बैठकों में क्रिकेट के भविष्य, प्रतियोगिताओं, प्रारूपों, व्यावसायिक स्थिरता और खेल के वैश्विक विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। आईसीसी की रणनीति के अनुरूप दुनिया भर में क्रिकेट के प्रशंसकों की संख्या बढ़ाने और खेल की लोकप्रियता को व्यापक बनाने के लिए सदस्य देशों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।

बैठक में फ्रेंचाइजी लीग समीक्षा समूह और प्रशासनिक व्यवस्था समीक्षा समिति की पहली सिफारिशों पर भी चर्चा होगी। इन दोनों समितियों का गठन जुलाई 2026 में आईसीसी के वार्षिक सम्मेलन के दौरान किया गया था।

फ्रेंचाइजी लीग समीक्षा समूह का उद्देश्य मौजूदा आईसीसी मान्यता और नियमन व्यवस्था को बेहतर बनाने के उपायों पर विचार करना है। इसके तहत फ्रेंचाइजी लीग की बढ़ती संख्या से पैदा हो रही नई चुनौतियों के बीच क्रिकेट के पारिस्थितिकी तंत्र को अधिक सुरक्षित और मजबूत बनाने पर ध्यान दिया जाएगा। वहीं, प्रशासनिक व्यवस्था समीक्षा समिति आईसीसी के प्रशासनिक ढांचे की विस्तृत समीक्षा के बाद अपनी शुरुआती सिफारिशें पेश करेगी।

बैठकों में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के 2027-29 और 2029-31 चक्र के मुकाबलों का प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके अलावा 2028 से 2035 तक होने वाले आईसीसी के सभी प्रमुख पुरुष आयोजनों के आयोजन की समय-सीमा को मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।

कई क्वालीफाइंग प्रतियोगिताओं पर भी विचार किया जाएगा। आईसीसी विकास समिति ने इन आयोजनों के लिए क्वालीफिकेशन की ऐसी रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिससे हर चरण में मुकाबलों की प्रतिस्पर्धात्मकता और महत्ता बढ़े। इसका विशेष लाभ उभरते हुए क्रिकेट देशों को मिलने की उम्मीद है।

अफगानिस्तान की शरणार्थी महिला क्रिकेटरों के लिए गठित कार्यबल भी विकास पथ कार्यक्रम के अगले चरणों से जुड़े प्रस्ताव आईसीसी बोर्ड के सामने रखेगा। इसके साथ ही आईसीसी की निर्णय समीक्षा प्रणाली (डीआरएस) मान्यता कार्यक्रम पर भी मुख्य कार्यकारी समिति और आईसीसी बोर्ड में विचार किया जाएगा।

चार दिनों के इस कार्यक्रम के दौरान आईसीसी की आठ समितियों की बैठकें होंगी। इसके बाद आईसीसी और आईबीसी बोर्ड की बैठकें आयोजित की जाएंगी।

आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा, “आईसीसी बोर्ड और समितियों की बैठकें खेल के वैश्विक संचालन निकाय के रूप में आईसीसी की मजबूती को दर्शाती हैं। दुनिया भर के सदस्य देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले विभिन्न निदेशकों और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को एक साथ लाने से विचारों के आदान-प्रदान, सहयोग को मजबूत करने और हमारे खेल के भविष्य को आकार देने का महत्वपूर्ण अवसर मिलता है। साझा दृष्टिकोण और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से हम विश्व क्रिकेट के लिए अधिक मजबूत, समावेशी और टिकाऊ भविष्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

बैठकों का आयोजन बाली में होना इंडोनेशिया में क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है और देश में इस खेल की बढ़ती महत्वाकांक्षाओं को दर्शाता है। “बाली में नए क्रिकेट मैदान तैयार हो रहे हैं और इंडोनेशिया क्रिकेट संघ के लगातार प्रयासों से इस क्षेत्र में खेल को मजबूत आधार देने की दिशा में स्पष्ट प्रगति दिखाई दे रही है। इन बैठकों की मेजबानी से इस प्रगति को पहचानने, इंडोनेशिया की संभावनाओं को दुनिया के सामने रखने और उभरते बाजारों में क्रिकेट के विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का अवसर मिलेगा।”

इंडोनेशिया क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अभिराम सिंह यादव ने कहा, “इंडोनेशिया क्रिकेट संघ की ओर से मैं बाली में आईसीसी बोर्ड और समितियों की बैठकों की मेजबानी के लिए इंडोनेशिया पर भरोसा जताने के लिए जय शाह का आभार व्यक्त करता हूं। हमें वैश्विक क्रिकेट समुदाय का इंडोनेशिया में स्वागत करते हुए गर्व हो रहा है। हमारा मानना है कि यह अवसर हमारे खिलाड़ियों, समर्थकों और क्रिकेट में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं को प्रेरित करेगा। साथ ही, देशभर में खेल के विकास के हमारे लक्ष्य को भी नई गति देगा।”

इंडोनेशिया में क्रिकेट के तेजी से बढ़ते दायरे के बीच इन बैठकों का आयोजन हो रहा है। इंडोनेशिया क्रिकेट संघ ने खिलाड़ियों की भागीदारी, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और बुनियादी ढांचे के विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।

इंडोनेशिया की पुरुष टीम ने 2025 में किसी भी अन्य देश की तुलना में अधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। वहीं, देश की सीनियर महिला टीम ने 2026 में पहली बार महिला एशिया कप में हिस्सा लिया। इंडोनेशिया की अंडर-19 महिला टीम ने भी पहली बार अंडर-19 एशिया कप के लिए क्वालीफाई किया।

देश में क्रिकेट सुविधाओं के विकास के लिए निवेश किया जा रहा है। इसी क्रम में बाली इंटरनेशनल ओवल का निर्माण किया जा रहा है, जहां 2027 में आईसीसी महिला टी20 विश्व कप पूर्वी एशिया-प्रशांत क्वालीफायर आयोजित किया जाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775221 Articles

Share this story