न्यूजीलैंड के खिलाफ बाकी दो वनडे के लिए वेस्टइंडीज टीम में हेटमायर की वापसी, ग्रीव्स बाहर

WhatsApp Channel Join Now
न्यूजीलैंड के खिलाफ बाकी दो वनडे के लिए वेस्टइंडीज टीम में हेटमायर की वापसी, ग्रीव्स बाहर


प्रोविडेंस, 13 जुलाई (हि.स.)। वेस्टइंडीज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे और तीसरे वनडे के लिए अनुभवी बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर को टीम में शामिल किया है। वह चोटिल जस्टिन ग्रीव्स की जगह लेंगे।

क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) ने मंगलवार को बताया कि ग्रीव्स पीठ की चोट के कारण पहले वनडे से बाहर हो गए थे और अब आगे के उपचार और पुनर्वास के लिए बारबाडोस लौट गए हैं।

हेटमायर ने अपना आखिरी वनडे जून, 2025 में खेला था। उन्हें जून, 2026 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया था, लेकिन अंतिम एकादश में मौका नहीं मिला। न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती तीन वनडे के लिए उन्हें इसलिए नहीं चुना गया था ताकि वह मेजर लीग क्रिकेट में सिएटल ऑर्काज के लिए अपना अभियान पूरा कर सकें।

हालांकि, सिएटल ऑर्काज एमएलसी लीग चरण में पांचवें स्थान पर रही और प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी। इसके बाद हेटमायर वेस्टइंडीज टीम से जुड़ने के लिए उपलब्ध हो गए। उन्होंने एमएलसी 2026 में 10 मैचों में 164 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 136.66 रहा।

क्रिकेट वेस्टइंडीज ने यह भी बताया कि जस्टिन ग्रीव्स की स्थिति का दोबारा आकलन न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतिम दो वनडे और उसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले किया जाएगा।

ग्रीव्स हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने आखिरी टेस्ट में 180 रन की शानदार पारी खेली थी, जिसकी बदौलत वेस्टइंडीज ने 2023 के बाद अपनी पहली टेस्ट सीरीज जीती थी। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया था।

वेस्टइंडीज ने न्यूजीलैंड को पहले वनडे में सात विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। शुरुआती तीनों वनडे प्रोविडेंस में खेले जा रहे हैं, जबकि अंतिम दो मुकाबले ब्रिजटाउन में आयोजित होंगे।

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन वनडे के लिए वेस्टइंडीज टीम

शाई होप (कप्तान एवं विकेटकीपर), अकीम ऑगस्टे, जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, शिमरोन हेटमायर, आमिर जंगू, अल्जारी जोसेफ, शमार जोसेफ, विटेल लॉज़, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, शेरफेन रदरफोर्ड और जेडन सील्स।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story