सुनील गावस्कर ने की हार्दिक पांड्या की तारीफ, कहा- उनकी जगह लेना संभव नहीं
नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (हि.स.)।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है कि टीम प्रबंधन हार्दिक पांड्या का विकल्प तलाशने में जरूरत से ज्यादा जुट जाता है, जबकि उनके जैसे खिलाड़ी की जगह लेना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर हार्दिक की क्षमता वाला खिलाड़ी नहीं मिलता है, तो टीम को किसी दूसरे खिलाड़ी को अलग भूमिका के लिए तैयार करना चाहिए।
गावस्कर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज से मिली सीख, नमन धीर की बल्लेबाजी और भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाजी संयोजन पर भी अपनी राय रखी।
जियोस्टार के कार्यक्रम ‘हायर क्रिकेट लाइव’ में गावस्कर के साथ अभिषेक नायर, चेतेश्वर पुजारा और आकाश चोपड़ा ने भी पांच मैचों की टी20 सीरीज पर चर्चा की। भारत और वेस्टइंडीज के बीच बेंगलुरु में खेला गया पांचवां और निर्णायक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था। मैच में केवल 7.4 ओवर का खेल हो सका और सीरीज 2-2 से बराबर रही।
गावस्कर ने कहा, “हमें गेंदबाजी देखने का मौका नहीं मिला। यह देखना दिलचस्प होता कि नौ ओवर के इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाज कैसा प्रदर्शन करते। इस सीरीज से एक सीख यह मिलती है कि भारत को अपनी गेंदबाजी में कम से कम चार नियमित गेंदबाजों के साथ उतरना चाहिए। पांचवें और छठे गेंदबाज की भूमिका ऐसे ऑलराउंडर निभा सकते हैं, जो बल्लेबाजी भी कर सकें।”
उन्होंने कहा, “नमन धीर जैसे खिलाड़ी बल्लेबाजी में ज्यादा सक्षम हैं, लेकिन दो-तीन ओवर गेंदबाजी भी कर सकते हैं। अक्षर पटेल अपने चार ओवर पूरे कर सकते हैं। कभी-कभी हम हार्दिक पांड्या का विकल्प तलाशने में कुछ ज्यादा ही जुट जाते हैं। हार्दिक पांड्या की जगह कोई नहीं ले सकता। अगर उनकी क्षमता वाला खिलाड़ी नहीं मिल रहा है, तो ऐसे खिलाड़ी के साथ आगे बढ़ना चाहिए, जो थोड़ी अलग भूमिका निभा सके। नमन धीर यही काम कर रहे हैं। वह अपने ओवर अच्छी तरह डाल रहे हैं और इस मैच में उन्होंने जिस तरह बल्लेबाजी की, वह भी शानदार थी।”
गावस्कर ने कहा कि आठवें नंबर तक बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ियों को शामिल करने के चक्कर में गेंदबाजी कमजोर नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा, “जब आप आठवें नंबर तक बल्लेबाजी रखने के लिए अपनी गेंदबाजी से समझौता करते हैं, तो टीम कमजोर हो जाती है और इसी वजह से हार का सामना करना पड़ सकता है।”
नमन धीर की बल्लेबाजी से प्रभावित पुजारा
पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवें टी20 मुकाबले में नमन धीर की नाबाद 24 रन की पारी की सराहना की। धीर ने केवल छह गेंदों में ये रन बनाए।
पुजारा ने कहा, “जिस सहजता से वह बल्लेबाजी कर रहे हैं, वह खास है। उन्होंने छह गेंदों का सामना किया और उनमें से केवल दो पर एक-एक रन लिया। बाकी गेंदों पर चौके और छक्के लगाए। नौ ओवर तक सीमित मुकाबले में उनका स्ट्राइक रेट 400 रहा। इस स्थिति में उतरकर हर गेंद पर चौका या छक्का लगाने के लिए काफी तैयारी की जरूरत होती है।”
उन्होंने कहा, “उन्हें बल्लेबाजी करते देखकर लगता है कि वह इसे बहुत आसान बना देते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। जब आप इस क्रम पर बल्लेबाजी करने उतरते हैं, तो सोचने का समय नहीं होता। ऐसे में केवल पांच या छह गेंदों का सामना करके 24 रन बना लेना शानदार प्रदर्शन है।”
अभिषेक नायर ने सीरीज को 2-2 से बराबर रहने को बताया उचित
अभिषेक नायर ने कहा कि दोनों टीमों ने पूरी सीरीज में अच्छा क्रिकेट खेला और ऐसे में 2-2 से बराबरी पर समाप्त होना उचित परिणाम रहा।
उन्होंने कहा, “जिस तरह यह सीरीज आगे बढ़ी, उसे देखते हुए मुझे लगता है कि कई मायनों में इसका 2-2 से समाप्त होना सही है, क्योंकि दोनों टीमों ने बहुत अच्छा क्रिकेट खेला। यह दुर्भाग्यपूर्ण होता अगर पूरी सीरीज का फैसला नौ ओवर के मुकाबले से होता। दोनों टीमों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और सीरीज का 2-2 से समाप्त होना बताता है कि मुकाबला कितना कड़ा रहा।”
नायर ने कहा कि घरेलू मैदान पर भारत के लिए यह सीरीज आसान नहीं रही और वेस्टइंडीज को अपने प्रदर्शन पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सात ओवर के मुकाबले में भारत को अपनी जीत की उम्मीद रही होगी, लेकिन अच्छी सीरीज का अंत बराबरी के साथ होना भी उचित रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

