भारत के खिलाफ आखिरी दो वनडे से बाहर हुए फर्ग्यूसन, टिकनर भी नहीं खेलेंगे अगले दो मुकाबले

WhatsApp Channel Join Now
भारत के खिलाफ आखिरी दो वनडे से बाहर हुए फर्ग्यूसन, टिकनर भी नहीं खेलेंगे अगले दो मुकाबले


भारत के खिलाफ आखिरी दो वनडे से बाहर हुए फर्ग्यूसन, टिकनर भी नहीं खेलेंगे अगले दो मुकाबले


नई दिल्ली, 09 नवंबर (हि.स.)।

भारत के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड की तेज गेंदबाजी चोटों से जूझ रही है। तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों से बाहर हो गए हैं, जबकि ब्लेयर टिकनर भी अगले दो मैचों में नहीं खेल पाएंगे। वहीं, गेंदबाजी ऑलराउंडर क्रिस्टियन क्लार्क को टीम में शामिल किया गया है।

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने पुष्टि की है कि फर्ग्यूसन टी20 सीरीज के दौरान दाएं पैर की पिंडली में लगी मामूली चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। दूसरी ओर, वेलिंगटन में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान सिर पर गेंद लगने से चोटिल हुए टिकनर को जांच में कन्कशन (सिर में चोट के कारण मस्तिष्क की कार्यप्रणाली प्रभावित होना) नहीं पाया गया है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के अनिवार्य सात दिन के विश्राम नियम के कारण वह अगले दो मुकाबलों से बाहर रहेंगे। दूसरे वनडे में उनकी जगह मैट फिशर को टीम में शामिल किया गया था।

आखिरी दो वनडे के लिए पहले से घोषित क्रिस्टियन क्लार्क को टिकनर के विकल्प के तौर पर हैमिल्टन में होने वाले तीसरे वनडे से पहले टीम में बुलाया गया है।

वहीं, मैट हेनरी की चौथे वनडे में वापसी की उम्मीद है। सीरीज शुरू होने से पहले डेवोन कॉनवे से टकराने के कारण हेनरी चोटिल हो गए थे। हालांकि, उन्हें कन्कशन नहीं पाया गया था। इसके अलावा दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के दौरान उनकी दाईं जांघ की मांसपेशियों में भी मामूली चोट आई थी।

हेनरी और काइल जैमीसन को तीसरे वनडे के बाद वेलिंगटन में टेस्ट टीम से जुड़ना था, लेकिन अब वे चौथे वनडे के लिए भी न्यूजीलैंड टीम के साथ बने रहेंगे। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बताया कि आखिरी दो मुकाबलों के लिए टीम में दो और खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा।

टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स और नाथन स्मिथ बुधवार को तीसरे वनडे के अगले दिन वेलिंगटन रवाना होंगे। टेस्ट सीरीज के लिए टीम की घोषणा जल्द की जाएगी।

भारत के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड की स्थिति फिलहाल बेहद खराब है। मेजबान टीम शुरुआती दोनों मुकाबले गंवाकर 0-2 से पीछे है। इससे पहले टी20 सीरीज में भी उसे 2-3 से हार का सामना करना पड़ा था। चोटों के कारण न्यूजीलैंड को पहले से ही कई खिलाड़ियों की कमी खल रही है। कन्कशन के कारण डेवोन कॉनवे पूरी सीरीज से बाहर हैं, जबकि रचिन रवींद्र (कंधे) और मार्क चैपमैन (हैमस्ट्रिंग) भी चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं।

तीसरे वनडे के लिए न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, काइल जैमीसन, निक केली, टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ और विल यंग।

चौथे वनडे के लिए न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिचेल हे, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, निक केली, टिम सीफर्ट और विल यंग

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774267 Articles

Share this story