पीसीबी ने महिला खिलाड़ियों के केंद्रीय अनुबंध घटाकर आठ किए, फातिमा और सादिया इकबाल श्रेणी ए में

WhatsApp Channel Join Now
पीसीबी ने महिला खिलाड़ियों के केंद्रीय अनुबंध घटाकर आठ किए, फातिमा और सादिया इकबाल श्रेणी ए में


- नई सूची में पिछले सत्र के 13 खिलाड़ियों को नहीं मिली जगह, तीन श्रेणियों में बांटे गए अनुबंध

लाहौर, 27 नवंबर (हि.स.)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने 2026-27 सत्र के लिए आठ महिला क्रिकेटरों के केंद्रीय अनुबंधों की घोषणा की है। इसमें फातिमा सना और सादिया इकबाल को श्रेणी ए में जगह मिली है। पिछले अनुबंध चक्र में 20 खिलाड़ियों को केंद्रीय अनुबंध दिया गया था, लेकिन इस बार यह संख्या घटाकर आठ कर दी गई है।

ये अनुबंध 30 जून, 2027 तक प्रभावी रहेंगे। तीन श्रेणियों में जारी सूची के अनुसार मुनीबा अली सिद्दीकी, नशरा संधू और सिदरा अमीन को श्रेणी बी में रखा गया है। आयशा जफर, गुल फिरोजा और सदफ शमास को श्रेणी सी में जगह मिली है। मुनीबा और सिदरा पिछले अनुबंध चक्र में श्रेणी ए का हिस्सा थीं, लेकिन इस बार उन्हें श्रेणी बी में भेज दिया गया है। गुल फिरोजा और सदफ शमास ने श्रेणी डी से श्रेणी सी में जगह बनाई है, जबकि आयशा जफर पहली बार केंद्रीय अनुबंध सूची में शामिल हुई हैं।

पीसीबी ने बताया कि खिलाड़ियों की श्रेणियां तय करते समय उनके हालिया प्रदर्शन और फिटनेस के साथ-साथ टीम की भविष्य की जरूरतों को भी ध्यान में रखा गया है। नई सूची में पिछले सत्र के 13 खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली है। इनमें आलिया रियाज, डायना बैग, रमीम शमीम, नाजिहा अल्वी, नतालिया परवेज, ओमैमा सोहेल, सिदरा नवाज, सैयदा आरूब शाह, तुबा हसन, उम्म-ए-हानी और वहीदा अख्तर शामिल हैं। इनके अलावा उभरती हुई खिलाड़ी ऐमान फातिमा और शवाल जुल्फिकार भी केंद्रीय अनुबंध से बाहर हो गई हैं।

बोर्ड ने यह भी कहा कि केंद्रीय अनुबंध हासिल करने वाली खिलाड़ियों का नियमित रूप से फिटनेस आकलन किया जाएगा और उन्हें अनुबंध की पूरी अवधि के दौरान निर्धारित मानकों को बनाए रखना होगा।

केंद्रीय अनुबंध

श्रेणी ए: फातिमा सना, सादिया इकबाल।

श्रेणी बी: मुनीबा अली सिद्दीकी, नशरा संधू, सिदरा अमीन।

श्रेणी सी: आयशा जफर, गुल फिरोजा, सदफ शमास।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783994 Articles

Share this story