टी-20 विश्व कप के लिए 18 वर्षीय टिली कोर्टीन इंग्लैंड टीम में शामिल
लंदन, 28 अप्रैल (हि.स.)। इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम ने आगामी टी-20 विश्व कप 2026 के लिए 18 वर्षीय युवा स्पिनर टिली कोर्टीन-कोलमैन को टीम में शामिल कर बड़ा दांव खेला है। सरे की इस बाएं हाथ की स्पिनर को अब तक अंतरराष्ट्रीय पदार्पण का मौका नहीं मिला है, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनके लगातार शानदार प्रदर्शन के चलते चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया है।
टिली कोर्टीन-कोलमैन पिछले कुछ सत्रों में इंग्लैंड की उभरती हुई प्रतिभाओं में शामिल रही हैं। द हंड्रेड के हालिया सत्र में उन्होंने 9 मैचों में 11 विकेट लिए और उनका इकॉनमी रेट 5.75 रहा। उनके प्रदर्शन की बदौलत साउदर्न ब्रेव टीम फाइनल तक पहुंची थी। इससे पहले 2024 में शार्लोट एडवर्ड्स कप में भी उन्होंने साउथ ईस्ट स्टार्स के लिए अहम भूमिका निभाई थी। इस सीजन के घरेलू एकदिवसीय मुकाबलों में भी उन्होंने 7 पारियों में 10 विकेट हासिल किए हैं।
इंग्लैंड की स्पिन आक्रमण को टिली के आने से और मजबूती मिलेगी, जहां पहले से लिंसी स्मिथ, सोफी एक्लेस्टोन और चार्ली डीन मौजूद हैं, जबकि एलिस कैप्सी ऑलराउंडर विकल्प के रूप में टीम का हिस्सा हैं। वहीं, लेग स्पिनर सारा ग्लेन उंगली की चोट के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं थीं।
कप्तान सिवर-ब्रंट के नेतृत्व में टीम घोषित
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की, जिसकी कप्तानी नैट सिवर-ब्रंट करेंगी। चार्ली डीन को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। इसके अलावा इस्सी वोंग और लॉरेन फिलर भी पहली बार टी20 विश्व कप में खेलती नजर आएंगी।
हालांकि, हाल ही में टीम की कप्तानी कर चुकी टैमी ब्यूमोंट को टीम में जगह नहीं मिली है। वहीं, 19 वर्षीय डेविना पेरिन, जिन्होंने द हंड्रेड और घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया था, उन्हें भी चयन से बाहर रखा गया है।
टीम की मुख्य कोच शार्लोट एडवर्ड्स ने चयन प्रक्रिया को बेहद कठिन बताते हुए कहा, “यह मेरे करियर की सबसे कठिन चयन बैठकों में से एक रही, क्योंकि हमारे पास चुनने के लिए खिलाड़ियों का पूल बेहद मजबूत है। कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने टीम में जगह बनाने का दावा पेश किया, जो हमारे लिए सकारात्मक संकेत है। विश्वस्तरीय खेल में यही स्थिति होती है और ऐसे फैसले लेना हमारे लिए एक जिम्मेदारी है, जिसे हम गंभीरता से लेते हैं।घरेलू मैदान पर होने वाला टी20 विश्व कप इस देश में महिला क्रिकेट के लिए बेहद खास अवसर है और हम सभी इस टीम से बड़े प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।”
कप्तान नैट सिवर-ब्रंट ने कहा,“घरेलू मैदान पर परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के सामने टी20 विश्व कप में इंग्लैंड की कप्तानी करना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। हम सभी इस गर्मियों और इस टूर्नामेंट का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। अब टीम की घोषणा के साथ यह बेहद करीब आ गया है और हम मैदान पर उतरकर अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए उत्साहित हैं।
उन्होंने आगे कहा, मुझे पता है कि 2009 में मिली जीत खिलाड़ियों और शार्लोट एडवर्ड्स के लिए कितनी खास थी। वहीं, 2017 के वनडे विश्व कप में हीदर नाइट की कप्तानी में टीम का हिस्सा होना भी मेरे लिए यादगार रहा। अब हमारा लक्ष्य इस शानदार टीम के साथ कुछ वैसा ही हासिल करना है। सभी खिलाड़ी पूरी मेहनत कर रहे हैं और हम इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।”
इस बीच, आयरलैंड की कप्तान गैबी लुईस जांघ की चोट के कारण इंग्लैंड में चल रहे घरेलू एकदिवसीय टूर्नामेंट को बीच में छोड़कर वापस लौट गई हैं। वह डबलिन में इलाज करा रही हैं और उम्मीद है कि गर्मियों के आगामी मैचों से पहले फिट हो जाएंगी।
टी-20 विश्व कप के लिए इंग्लैंड टीम:
नैट सिवर-ब्रंट (कप्तान), लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, टिली कोर्टीन-कोलमैन, चार्ली डीन (उपकप्तान), सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फिलर, डैनी गिब्सन, एमी जोन्स, फ्रेया केम्प, हीदर नाइट, लिंसी स्मिथ, इस्सी वोंग, डैनी वायट-हॉज
न्यूजीलैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला के लिए इंग्लैंड टीम:
नैट सिवर-ब्रंट, एम अर्लॉट, लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, किरा चाथली, टिली कोर्टीन-कोलमैन, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फिलर, महिका गौर, डैनी गिब्सन, जोडी ग्रूकॉक, एमी जोन्स, फ्रेया केम्प, हीदर नाइट, एम्मा लैम्ब, लिंसी स्मिथ, इस्सी वोंग, डैनी वायट-हॉज।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

