जोकोविच का बड़ा प्रशंसक हूं, उन्हीं से प्रेरित था मेरा जश्न : सार्थक रंजन
नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)।
दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में ईस्ट दिल्ली राइडर्स पर छह विकेट की शानदार जीत के बाद नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के कप्तान सार्थक रंजन ने अपनी मैच जिताऊ पारी और अनोखे जश्न का राज खोला। उन्होंने बताया कि वह टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच के बड़े प्रशंसक हैं और उनका जश्न उसी से प्रेरित था।
मैच के बाद सार्थक ने कहा, जीतकर बहुत अच्छा लग रहा है, खासकर इसलिए क्योंकि कप्तान के रूप में यह मेरी पहली जीत है। हमने शुरुआती दो विकेट जल्दी गंवा दिए थे, इसलिए हमारी योजना साझेदारी बनाने और पावरप्ले में ज्यादा पीछे नहीं रहने की थी। यश भाटिया के आने के बाद बल्लेबाजी आसान हो गई। पिछले मैच में भी हमारी अच्छी साझेदारी हुई थी और आज उन्होंने लगातार चौके लगाकर मुझ पर से काफी दबाव कम कर दिया। हमारा ध्यान सिर्फ पारी को आगे बढ़ाने पर था। हमें पता था कि एक बड़ा ओवर जरूर आएगा। हालांकि मैंने नहीं सोचा था कि वह इतना बड़ा होगा, लेकिन सौभाग्य से वह हमारे पक्ष में गया।
अपने अर्धशतक के बाद किए गए जश्न पर सार्थक ने कहा, मैं नोवाक जोकोविच का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। मेरा जश्न उन्हें याद करने जैसा था। मैंने उन्हें कई बार जीत के बाद ऐसा जश्न मनाते देखा है और मैं भी उसी तरह जश्न मनाना चाहता था।
इससे पहले ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने सुजल सिंह की नाबाद 82 रन की पारी की बदौलत 20 ओवर में छह विकेट पर 171 रन बनाए। सुजल ने 50 गेंदों की अपनी पारी में छह चौके और चार छक्के लगाए। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की ओर से विकास दीक्षित ने चार ओवर में 19 रन देकर एक विकेट लेकर सबसे प्रभावी गेंदबाजी की।
172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की शुरुआत खराब रही और टीम 39 रन पर दो विकेट गंवा बैठी। इसके बाद सार्थक रंजन और यश भाटिया ने तीसरे विकेट के लिए 113 रन की मैच विजयी साझेदारी कर टीम को जीत की राह पर लौटा दिया।
सार्थक ने कप्तानी पारी खेलते हुए 50 गेंदों पर 95 रन बनाए, जिसमें सात चौके और आठ छक्के शामिल रहे। उन्होंने सिमरजीत सिंह के एक ओवर में 29 रन बटोरकर मुकाबले का रुख पूरी तरह अपनी टीम की ओर मोड़ दिया। हालांकि वह शतक से पांच रन दूर रह गए।
दूसरे छोर पर यश भाटिया ने नाबाद अर्धशतक जमाया और टीम को चार ओवर शेष रहते छह विकेट से शानदार जीत दिलाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

