डीपीएल 2026: पुरानी दिल्ली 6 ने वेस्ट दिल्ली लायंस को सात विकेट से हराया

WhatsApp Channel Join Now
डीपीएल 2026: पुरानी दिल्ली 6 ने वेस्ट दिल्ली लायंस को सात विकेट से हराया


नई दिल्ली, 03 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में पुरानी दिल्ली 6 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सोमवार को वेस्ट दिल्ली लायंस को सात विकेट से हराकर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की। 181 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पुरानी दिल्ली 6 ने दो ओवर से अधिक शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्ट दिल्ली लायंस ने 20 ओवर में छह विकेट पर 180 रन बनाए। टीम को अंकित कुमार और कृष यादव ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 90 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंकित कुमार ने 45 गेंदों में 86 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे। वहीं, कृष यादव ने 31 गेंदों पर 43 रन बनाए।

हालांकि, शुरुआती साझेदारी टूटने के बाद वेस्ट दिल्ली लायंस नियमित अंतराल पर विकेट गंवाता रहा, जिससे टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। पुरानी दिल्ली 6 की ओर से पंकज जसवाल सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 30 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि अन्य गेंदबाजों ने भी समय-समय पर विकेट लेकर विपक्षी टीम को 180 रन तक सीमित रखा।

181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुरानी दिल्ली 6 की शुरुआत बेहद खराब रही और रोहन राणा पहली ही गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद समर्थ सेठ और देव लाकड़ा ने दूसरे विकेट के लिए 94 रन की शानदार साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया।

देव लाकड़ा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 64 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके और छह छक्के शामिल रहे। वहीं, समर्थ सेठ ने 29 गेंदों पर 30 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया।

लाकड़ा के आउट होने के बाद कप्तान अनुज रावत ने जिम्मेदारी संभाली और एक बार फिर बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 26 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए। अंत में ललित यादव ने 30 रन की तेज पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने अविजित साझेदारी करते हुए टीम को सात विकेट से शानदार जीत दिला दी।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story