डीपीएल: यश के अर्धशतक और परीक्षित के तीन विकेट से नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने दर्ज की शानदार जीत

WhatsApp Channel Join Now
डीपीएल: यश के अर्धशतक और परीक्षित के तीन विकेट से नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने दर्ज की शानदार जीत


नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। यश भाटिया के शानदार अर्धशतक और परीक्षित सहरावत की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने रविवार देर रात दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में आउटर दिल्ली वॉरियर्स को 39 रन से हरा दिया।

अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नॉर्थ दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 166 रन बनाए, जिसके जवाब में आउटर दिल्ली की टीम सात विकेट पर 127 रन ही बना सकी।

नॉर्थ दिल्ली की ओर से यश भाटिया ने 38 गेंदों पर 53 रन की शानदार पारी खेली और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। इसके बाद कौशल सुमन ने 26 गेंदों पर 33 रन बनाकर उपयोगी योगदान दिया।

परीक्षित सहरावत की घातक गेंदबाजी

167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आउटर दिल्ली वॉरियर्स की शुरुआत खराब रही। नौवें ओवर तक टीम 47 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद हर्ष त्यागी ने आक्रामक अर्धशतक लगाकर टीम की उम्मीदें जगाईं, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से वॉरियर्स की पारी संभल नहीं सकी।

नॉर्थ दिल्ली के परीक्षित सहरावत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 10 रन देकर तीन विकेट लिए और एक मेडन ओवर भी डाला। उनकी गेंदबाजी ने आउटर दिल्ली के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

आखिरकार आउटर दिल्ली वॉरियर्स 20 ओवर में सात विकेट पर 127 रन ही बना सकी और 39 रन से मुकाबला हार गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story