आर्यन गौर ने दूसरे छोर पर निभाई अहम भूमिका : अनुज रावत

WhatsApp Channel Join Now
आर्यन गौर ने दूसरे छोर पर निभाई अहम भूमिका : अनुज रावत


आर्यन गौर ने दूसरे छोर पर निभाई अहम भूमिका : अनुज रावत


नई दिल्ली, 11 अगस्त (हि.स.)। कप्तान अनुज रावत की 92 रन की तूफानी पारी और आर्यन गौर के नाबाद अर्धशतक की बदौलत पुरानी दिल्ली 6 ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में सोमवार रात आउटर दिल्ली वॉरियर्स को सात विकेट से हराया। जीत के बाद रावत ने अपनी पारी और आर्यन गौर के साथ साझेदारी को टीम की सफलता में अहम बताया।

166 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पुरानी दिल्ली 6 ने नौ रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद रावत ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभाला, जबकि गौर ने दूसरे छोर पर उनका शानदार साथ दिया।

रावत ने कहा, “विकेट थोड़ा धीमा था, इसलिए योजना सामान्य तरीके से खेलने और कुछ अतिरिक्त करने की कोशिश नहीं करने की थी। हालांकि, जब बाएं हाथ के स्पिनर ने गेंदबाजी शुरू की और हमने शुरुआती दो विकेट गंवा दिए, तो मुझे लगा कि टीम के लिए आगे आकर प्रभावशाली पारी खेलना जरूरी है।”

गौर के साथ साझेदारी पर उन्होंने कहा, “जब मैंने एक अच्छा शॉट लगाया तो लय बननी शुरू हो गई और आर्यन ने भी दूसरे छोर पर बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।”

रावत ने महज 38 गेंदों में 92 रन बनाए, जबकि आर्यन गौर ने 40 गेंदों में नाबाद 57 रन की पारी खेली। दोनों ने मिलकर पुरानी दिल्ली 6 को मजबूत स्थिति में पहुंचाया और टीम ने 16वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

पिच और गेंदबाजी रणनीति पर रावत ने कहा, “हां, विकेट थोड़ा धीमा था और स्पिनरों को थोड़ी टर्न भी मिल रही थी। हमारे पास जिस तरह के गेंदबाज हैं, उसे देखते हुए मुझे लगा कि पावरप्ले के बाद हम उन्हें 180 रन से कम पर रोक सकते हैं। अच्छी बात है कि हम ऐसा करने में सफल रहे।”

इस जीत के बाद पुरानी दिल्ली 6 के छह मैचों में सात अंक हो गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story