डीसी स्कूल कप : तन्मय चौधरी के 180 रनों की बदौलत मॉडर्न स्कूल बाराखंभा की बड़ी जीत

WhatsApp Channel Join Now
डीसी स्कूल कप : तन्मय चौधरी के 180 रनों की बदौलत मॉडर्न स्कूल बाराखंभा की बड़ी जीत


नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) स्कूल कप में मॉडर्न स्कूल बाराखंभा के कप्तान तन्मय चौधरी ने श्रीराम ग्लोबल दिल्ली वेस्ट के खिलाफ 69 गेंदों में 180 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी और विनायक चौधरी की गेंदबाजी के दम पर मॉडर्न स्कूल बाराखंभा ने 227 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। विनायक ने चार रन देकर चार विकेट लिए।

टूर्नामेंट के शुरुआती सप्ताह में कई टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। डीपीएस वसंत कुंज ने उद्घाटन मुकाबले में जीडी गोयनका वसंत विहार को 99 रन से हराया। डीपीएस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 221 रन बनाए। अद्विक पीएस सोलंकी ने 61 गेंदों में 110 रन की पारी खेली, जबकि अहान गर्ग ने 25 रन देकर चार विकेट हासिल किए। जवाब में जीडी गोयनका की टीम नौ विकेट पर 122 रन ही बना सकी।

हेरिटेज एक्स गुरुग्राम ने 14 अक्टूबर को जीडी गोयनका हाई स्कूल सोहना गुरुग्राम को सात विकेट से हराकर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद वसंत वैली वसंत कुंज के खिलाफ उसका मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया। हेरिटेज ने फिर सेंट जेवियर्स हाई स्कूल को 63 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हेरिटेज ने 159 रन बनाए, जिसमें विहान शर्मा ने 46 गेंदों में 71 रन का योगदान दिया। टीम ने तीन मैचों में पांच अंक हासिल किए हैं।

मॉडर्न स्कूल बाराखंभा ने भी अब तक अपने दोनों मुकाबलों में बड़ी जीत दर्ज की है। पहले मैच में विनायक चौधरी ने 41 गेंदों में 72 रन बनाने के बाद दो विकेट भी लिए। मॉडर्न स्कूल ने रेयान इंटरनेशनल वसंत कुंज को 124 रनों से हराया। दूसरे मैच में कप्तान तन्मय चौधरी के 180 रन और विनायक के चार विकेट की मदद से टीम ने श्रीराम ग्लोबल दिल्ली वेस्ट को 227 रन से शिकस्त दी।

कुलाची हंसराज अशोक विहार ने भी कैम्ब्रिज स्कूल श्रीनिवासपुरी को 147 रनों से हराया। कुलाची हंसराज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 243 रन बनाए। अनूप सिंह ने 46 गेंदों में 73 रन की पारी खेली। इसके जवाब में कैम्ब्रिज स्कूल की टीम 96 रनों पर सिमट गई।

38 टीमें ले रही हैं हिस्सा

पिछले वर्ष स्कूलों और खिलाड़ियों से मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद डीसी स्कूल कप का आयोजन नौ अक्टूबर से बड़े स्तर पर शुरू हुआ। इस बार टूर्नामेंट में 38 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें लड़कों की 32 और लड़कियों की छह टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता के सभी 66 मैच चार मैदानों पर खेले जाएंगे।

वर्ष 2025 में 20 टीमों के साथ शुरू हुए इस टूर्नामेंट का दायरा 2026 में बढ़कर 38 टीमों तक पहुंच गया है। लीग और नॉकआउट प्रारूप में होने वाली इस प्रतियोगिता का फाइनल नवंबर की शुरुआत में खेला जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, सभी स्कूल अलग-अलग रंग की किट में खेलेंगे। टूर्नामेंट के अंतिम चरण के मुकाबलों में लाइव कमेंट्री, संगीत और अन्य गतिविधियों के जरिए खिलाड़ियों और स्कूलों के अनुभव को और बेहतर बनाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762755 Articles

Share this story