गुरनूर बरार के चार विकेट की बदौलत दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड 134 रन पर सिमटा

WhatsApp Channel Join Now
गुरनूर बरार के चार विकेट की बदौलत दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड 134 रन पर सिमटा


वेलिंगटन, 07 नवंबर (हि.स.)। भारतीय गेंदबाजों ने दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम को 134 रन पर समेट दिया। शनिवार को हेनरी स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में मेजबान टीम 40.6 ओवर में पवेलियन लौट गई। गुरनूर बरार ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चार विकेट झटके, जबकि आकिब नबी, अंशुल कंबोज और अक्षर पटेल को दो-दो विकेट मिले।

बारिश के कारण खेल में देरी के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बादलों से घिरे मौसम और अनुकूल परिस्थितियों का भारतीय गेंदबाजों ने पूरा फायदा उठाया। उन्होंने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। आकिब नबी ने दोनों सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। टिम सीफर्ट खाता खोले बिना आउट हुए, जबकि विल यंग 17 गेंदों पर छह रन ही बना सके। इसके बाद अंशुल कंबोज ने हेनरी निकोल्स को 11 रन पर आउट कर न्यूजीलैंड का स्कोर 23 रन पर तीन विकेट कर दिया।

डेरिल मिचेल ने एक छोर संभालते हुए 104 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 55 रन बनाए। कप्तान मिचेल सैंटनर ने 38 गेंदों पर 31 रन बनाकर उनका साथ दिया। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी हुई और न्यूजीलैंड की पारी को संभालने की कोशिश की।

हालांकि, गुरनूर बरार ने सैंटनर को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने टॉम लैथम और ग्लेन फिलिप्स को भी लगातार पवेलियन भेजकर न्यूजीलैंड की मुश्किलें बढ़ा दीं।

बरार ने 10 ओवर में 30 रन देकर चार विकेट हासिल किए। यह उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। अक्षर पटेल ने 28 रन देकर दो और आकिब नबी ने 31 रन देकर दो विकेट लिए। अंशुल कंबोज ने भी दो विकेट हासिल किए। उन्होंने ब्लेयर टिकनर को दो रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर न्यूजीलैंड की पारी समाप्त की। अर्शदीप सिंह को कोई विकेट नहीं मिला, लेकिन उन्होंने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।

पहले एकदिवसीय मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम 185 रन पर सिमट गई थी। दूसरे मैच में 134 रन पर आउट होने के साथ ही भारतीय गेंदबाजों ने एक बार फिर मेजबान बल्लेबाजी क्रम को दबाव में रखा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773737 Articles

Share this story