न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे के दौरान आक्रामक अंदाज में जश्न मनाने पर गुरनूर बरार को फटकार

WhatsApp Channel Join Now
न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे के दौरान आक्रामक अंदाज में जश्न मनाने पर गुरनूर बरार को फटकार


नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को खेले गए चौथे एकदिवसीय मुकाबले में आईसीसी की आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए आधिकारिक फटकार लगाई गई है। उन पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की आचार संहिता के लेवल-1 के उल्लंघन का आरोप साबित हुआ है। इसके साथ ही उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक और अवगुण अंक जोड़ दिया गया है।

आईसीसी के अनुसार बरार ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए निर्धारित आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन किया। यह नियम किसी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में बल्लेबाज के आउट होने के बाद ऐसी भाषा, व्यवहार या इशारों के इस्तेमाल से संबंधित है, जो बल्लेबाज का अपमान कर सकते हैं या उसे आक्रामक प्रतिक्रिया देने के लिए उकसा सकते हैं।

यह घटना पारी के 12वें ओवर की समाप्ति पर टिम सीफर्ट के आउट होने के बाद हुई। विकेट लेने के बाद बरार ने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया, जिसे बल्लेबाज के प्रति अपमानजनक माना जा सकता था और इससे बल्लेबाज की ओर से भी आक्रामक प्रतिक्रिया की आशंका थी।

बरार ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और आईसीसी की अंतरराष्ट्रीय मैच रेफरी समिति के अमीरात पैनल के सदस्य रंजन मदुगले की ओर से प्रस्तावित सजा को मान लिया। इसलिए इस मामले में औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।

पिछले 24 महीनों में यह बरार का दूसरा उल्लंघन है। इस कारण उनके खाते में एक और अवगुण अंक जोड़ दिया गया है और अब उनके कुल अवगुण अंकों की संख्या दो हो गई है।

मैदानी अंपायर क्रिस ब्राउन और कुमार धर्मसेना, तीसरे अंपायर पॉल रीफेल तथा चौथे अंपायर वेन नाइट्स ने बरार पर आरोप लगाया था।

आईसीसी की आचार संहिता के लेवल-1 के उल्लंघन पर आधिकारिक फटकार से लेकर खिलाड़ी की मैच फीस के अधिकतम 50 प्रतिशत तक जुर्माने का प्रावधान है। इसके अलावा एक या दो अवगुण अंक भी दिए जा सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778766 Articles

Share this story