भुवनेश्वर कुमार की भारतीय टी20 टीम में वापसी, अर्शदीप की चोट के बाद मिला मौका

WhatsApp Channel Join Now
भुवनेश्वर कुमार की भारतीय टी20 टीम में वापसी, अर्शदीप की चोट के बाद मिला मौका


नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)।

अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के गेंदबाजी वाले कंधे में चोट लगने के बाद पुरुष चयन समिति ने भुवनेश्वर को टीम में जगह दी है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का अंतिम मुकाबला शनिवार, 17 अक्टूबर को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।

अर्शदीप को बुधवार को हैदराबाद में खेले गए चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के दौरान गेंदबाजी वाले कंधे पर चोट लगी थी। अंतिम मुकाबले में उनके खेलने को लेकर फैसला उनकी चोट से उबरने की स्थिति का आकलन करने के बाद लिया जाएगा।

भुवनेश्वर कुमार को टीम में शामिल किए जाने से भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को अनुभव मिलेगा। वह नई गेंद से स्विंग कराने और डेथ ओवरों में सटीक गेंदबाजी करने के लिए जाने जाते हैं। हालांकि, अंतिम मुकाबले में उनकी भूमिका टीम संयोजन और चयन संबंधी फैसलों पर निर्भर करेगी।

पांचवें टी20 के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव, नमन धीर और भुवनेश्वर कुमार।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762182 Articles

Share this story