बीसीसीआई और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शुरू किया अंपायरों का आदान-प्रदान कार्यक्रम
मेलबर्न, 20 अक्टूबर (हि.स.)। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अंपायरों के अनुभव और कौशल को बढ़ाने के लिए आपसी आदान-प्रदान कार्यक्रम की घोषणा की है। इसके तहत ऑस्ट्रेलियाई अंपायर बेन ट्रेलोर भारत में रणजी ट्रॉफी के दो मुकाबलों में अंपायरिंग करेंगे, जबकि भारतीय अंपायर पराशर जोशी ऑस्ट्रेलिया में शेफील्ड शील्ड के दो मैचों और एक वनडे कप मुकाबले में जिम्मेदारी संभालेंगे।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेलोर 18 से 21 अक्टूबर तक दिल्ली में दिल्ली और गुजरात के बीच रणजी ट्रॉफी मुकाबले में अंपायरिंग करेंगे। इसके बाद वह 26 से 29 अक्टूबर तक मुंबई में मुंबई और हरियाणा के बीच होने वाले मैच में अंपायर की भूमिका निभाएंगे।
ट्रेलोर को घरेलू क्रिकेट में अंपायरिंग का अच्छा अनुभव है। वह 30 प्रथम श्रेणी, 20 लिस्ट-ए और बिग बैश लीग के 39 मुकाबलों में अंपायरिंग कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने दो महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और चार महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी अंपायर की जिम्मेदारी संभाली है। वह क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स में अंपायर शिक्षा अधिकारी के रूप में भी कार्यरत हैं। अंपायरों के प्रशिक्षण में योगदान के लिए उन्हें न्यू साउथ वेल्स क्रिकेट अंपायर एवं स्कोरर संघ के जॉर्ज बोरविक स्मारक पुरस्कार से चार बार सम्मानित किया जा चुका है।
वहीं, पराशर जोशी ने भारत में घरेलू क्रिकेट के कई प्रमुख टूर्नामेंटों में अंपायरिंग की है। उनके नाम रणजी ट्रॉफी और दलीप ट्रॉफी सहित 19 प्रथम श्रेणी मुकाबलों, विजय हजारे ट्रॉफी और देवधर ट्रॉफी सहित 32 लिस्ट-ए मैचों तथा इंडियन प्रीमियर लीग और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी सहित 40 टी-20 मुकाबलों में अंपायरिंग का अनुभव है।
जोशी ऑस्ट्रेलिया में अपने कार्यक्रम की शुरुआत 11 से 14 नवंबर तक ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर क्वींसलैंड और तस्मानिया के बीच शेफील्ड शील्ड मुकाबले से करेंगे। इसके बाद वह 16 नवंबर को इसी मैदान पर दोनों टीमों के बीच होने वाले वनडे कप मैच में अंपायरिंग करेंगे। कार्यक्रम का समापन 22 से 25 नवंबर तक सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर न्यू साउथ वेल्स और क्वींसलैंड के बीच शेफील्ड शील्ड मुकाबले के साथ होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

