इंग्लैंड सीरीज से पहले बाबर आजम के हाथ में लगी चोट, अभ्यास मैच से हुए बाहर

WhatsApp Channel Join Now
इंग्लैंड सीरीज से पहले बाबर आजम के हाथ में लगी चोट, अभ्यास मैच से हुए बाहर


इंग्लैंड सीरीज से पहले बाबर आजम के हाथ में लगी चोट, अभ्यास मैच से हुए बाहर


नई दिल्ली, 15 अगस्त (हि.स.)। इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा है। टेस्ट कप्तान बाबर आजम को प्रोफेशनल काउंटी क्लब सेलेक्ट इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच के दौरान हाथ में चोट लग गई। चोट की गंभीरता का अभी पता नहीं चल पाया है।

बाबर पांच रन के निजी स्कोर पर बल्लेबाजी कर रहे थे, तभी इंग्लैंड के अंडर-19 तेज गेंदबाज मैनी लम्सडेन की उछाल लेती गेंद उनके निचले हाथ पर जा लगी। गेंद लगने के बाद बाबर दर्द में नजर आए और इसके बाद उन्होंने आगे बल्लेबाजी नहीं की।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद

(आईसीसी) के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बताया कि टीम के डॉक्टर की जांच के बाद एहतियात के तौर पर बाबर को अभ्यास मैच के बाकी हिस्से से आराम दिया गया है।

पीसीबी ने कहा, “टीम के डॉक्टर द्वारा जांच और एहतियाती कदम उठाए जाने के बाद बाबर को अभ्यास मैच के बाकी हिस्से से आराम करने की सलाह दी गई है।”

बाबर सोमवार, 17 अगस्त को हेडिंग्ले क्रिकेट ग्राउंड में होने वाले पाकिस्तान के अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगे। उनकी फिटनेस पर टीम प्रबंधन लगातार नजर रखेगा।

19 अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज

पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 19 अगस्त से शुरू होगी। यह सीरीज आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा है। अंक तालिका में इंग्लैंड सातवें और पाकिस्तान आठवें स्थान पर है।

पाकिस्तान ने अपनी पिछली टेस्ट सीरीज वेस्टइंडीज के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेली थी। दूसरे टेस्ट में आठ विकेट की जीत के साथ पाकिस्तान ने विदेश में लगातार आठ टेस्ट हार का सिलसिला भी तोड़ा था।

पाकिस्तान को उम्मीद होगी कि सीरीज शुरू होने से पहले बाबर पूरी तरह फिट हो जाएं। वहीं, शान मसूद की चोट से वापसी टीम के लिए राहत की खबर है।

इंग्लैंड सीरीज के लिए पाकिस्तान की टेस्ट टीम

बाबर आजम (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला शफीक, अली उस्मान, अजान अवैस, इमाम-उल-हक, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मोहम्मद रिजवान, मुहम्मद अवैस जफर, मुहम्मद गाजी गोरी, साजिद खान, सलमान अली आगा, सऊद शकील, शान मसूद, उबैद शाह।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story