थॉम्पसन की घातक गेंदबाजी से बांग्लादेश 54 रन पर ढेर, ऑस्ट्रेलिया एकादश ने पारी और 38 रन से दर्ज की जीत
डार्विन, 08 अगस्त (हि.स.)। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज कैंपबेल थॉम्पसन की कहर बरपाती गेंदबाजी के दम पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया एकादश ने बांग्लादेश को अभ्यास मैच में पारी और 38 रन से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला शुरू होने से सिर्फ पांच दिन पहले बांग्लादेश की दूसरी पारी महज 54 रन पर सिमट गई।
दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के 22 वर्षीय तेज गेंदबाज थॉम्पसन ने 11 ओवर में 25 रन देकर आठ विकेट झटके और बांग्लादेश की बल्लेबाजी को लगभग अकेले ही तहस-नहस कर दिया। थॉम्पसन के इस प्रदर्शन ने मेहमान टीम की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
थॉम्पसन ने मैच के दूसरे दिन के आखिर में दो विकेट लेकर बांग्लादेश की दूसरी पारी का स्कोर 2 विकेट पर 19 रन कर दिया था। इसके बाद शुक्रवार सुबह उन्होंने छह और विकेट झटकते हुए बांग्लादेश की पूरी पारी को 54 रन पर समेट दिया।
थॉम्पसन ने मैच के बाद कहा, आज सुबह इसे खत्म करने के लिए मेरा स्पष्ट तरीका था—नई गेंद का इस्तेमाल करना, उसे स्विंग कराना और स्टंप पर गेंदबाजी करना। मैं भाग्यशाली रहा कि कुछ विकेट मिल गए।
उन्होंने कहा, दूसरी पारी में हमें पहली पारी की तुलना में थोड़ी छोटी लेंथ पर गेंदबाजी करनी थी। इसलिए गेंद को थोड़ा पीछे खींचकर स्टंप के ऊपरी हिस्से को निशाना बनाना और अपनी प्रक्रिया को स्पष्ट रखना मुख्य लक्ष्य था।
थॉम्पसन ने कहा, मुझे लगता है कि मैं नई गेंद से गेंदबाजी करने वाला गेंदबाज हूं। इसलिए मैं गेंद को स्विंग कराने और स्टंप पर निशाना लगाने की कोशिश करता हूं और इस बार मैं भाग्यशाली रहा।
थॉम्पसन हाल ही में हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरकर वापसी कर रहे हैं। उनके नाम अभी केवल एक प्रथम श्रेणी मैच है, लेकिन इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने टीम में अपने चयन को सही साबित किया।
ऑस्ट्रेलिया एकादश की जीत में ऑफ स्पिनर कोरी रोकिचियोली ने भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पहली पारी में छह विकेट लिए थे और दूसरी पारी में भी चार ओवर में सिर्फ छह रन देकर दो विकेट हासिल किए।
इससे पहले टेग वायली ने 130 रन की शानदार पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया एकादश को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था। थॉम्पसन और रोकिचियोली की शानदार गेंदबाजी ने टीम को यादगार जीत दिला दी।
मैच का संक्षिप्त स्कोर:
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया एकादश 355 रन (टेग वायली 130, डेविड डोरान 76, जेम्स पैटरसन 53; महमूद 4/42) ने बांग्लादेश 263 रन (मेहदी हसन मिराज नाबाद 109; कोरी रोकिचियोली 6/83) और 54 रन (कैंपबेल थॉम्पसन 8/25) को पारी और 38 रन से हराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

