आईसीसी रैंकिंग अपडेट: ऑस्ट्रेलिया का दबदबा बरकरार, पुरुष टेस्ट और महिला वनडे में शीर्ष पर कायम

WhatsApp Channel Join Now
आईसीसी रैंकिंग अपडेट: ऑस्ट्रेलिया का दबदबा बरकरार, पुरुष टेस्ट और महिला वनडे में शीर्ष पर कायम


नई दिल्ली, 01 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने शुक्रवार को वार्षिक रैंकिंग अपडेट जारी की है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने पुरुष टेस्ट और महिला वनडे दोनों प्रारूपों में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। नए अपडेट में मई, 2025 के बाद खेले गए मैचों को 100 प्रतिशत और उससे पहले के दो वर्षों के मैचों को 50 प्रतिशत वेटेज दिया गया है।

पुरुष टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया नंबर-1, भारत तीसरे स्थान पर

पुरुष टेस्ट रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया 131 अंकों के साथ पहले स्थान पर कायम है, जबकि दक्षिण अफ्रीका 119 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। भारत 104 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि इंग्लैंड 102 अंकों के साथ चौथे स्थान पर खिसक गया है। न्यूजीलैंड 101 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है।

पाकिस्तान (89 अंक) ने श्रीलंका (86 अंक) को पीछे छोड़कर छठा स्थान हासिल किया है। वेस्टइंडीज, बांग्लादेश और जिम्बाब्वे क्रमशः अगले स्थानों पर हैं। आयरलैंड आवश्यक आठ टेस्ट मैच नहीं खेलने के कारण रैंकिंग से बाहर हो गया है, जबकि अफगानिस्तान को भी रैंकिंग में बने रहने के लिए अगले एक वर्ष में दो और टेस्ट खेलने होंगे।

महिला वनडे रैंकिंग: ऑस्ट्रेलिया की मजबूत बढ़त कायम

महिला वनडे रैंकिंग में भी ऑस्ट्रेलिया 163 अंकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है और इंग्लैंड (128 अंक) से 35 अंक आगे है। भारत 124 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि दक्षिण अफ्रीका (100), न्यूजीलैंड (93) और श्रीलंका (89) अपने-अपने स्थान पर कायम हैं। श्रीलंका को छह अंकों का फायदा हुआ है, जिससे उसने न्यूजीलैंड के साथ अंतर कम कर लिया है। बांग्लादेश ने पाकिस्तान को पीछे छोड़कर सातवां स्थान हासिल किया है।

थाईलैंड और नीदरलैंड्स आवश्यक मैच नहीं खेलने के कारण फिलहाल रैंकिंग से बाहर हो गए हैं।

आईसीसी 5 मई को पुरुष और महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग अपडेट जारी करेगा, जबकि पुरुष वनडे रैंकिंग 7 मई को घोषित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story