इंग्लैंड से करारी हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को तलाशने होंगे नए जवाब

WhatsApp Channel Join Now
इंग्लैंड से करारी हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को तलाशने होंगे नए जवाब


गोल्ड कोस्ट में इंग्लिश बल्लेबाजों ने की छक्कों की बरसात, ब्रिस्बेन में शुक्रवार को तीसरा टी20 मुकाबला

गोल्ड कोस्ट, 25 नवंबर (हि.स.)।

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में करारी हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को अपनी रणनीति पर नए सिरे से विचार करना होगा। मंगलवार रात खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट और एनेरिन डोनाल्ड ने छक्कों की बरसात करते हुए ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हराया और पांच मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली। अब शुक्रवार को ब्रिस्बेन में तीसरा मुकाबला खेला जाएगा।

डोनाल्ड ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 32 गेंदों में 85 रन बनाए। उनकी पारी में नौ छक्के शामिल रहे। इस दौरान वह इंग्लैंड की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज शतक के सॉल्ट के रिकॉर्ड को भी चुनौती देते नजर आए। सॉल्ट ने 39 गेंदों में यह रिकॉर्ड बनाया था। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने केवल 10 ओवर में 151 रन की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी की धज्जियां उड़ा दीं।

इस साझेदारी के सामने ऑस्ट्रेलिया का आठ विकेट पर 184 रन का स्कोर बौना साबित हुआ। इंग्लैंड ने 14वें ओवर की पहली गेंद पर अपना 16वां छक्का लगाते हुए ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पार कर लिया। उस समय 41 गेंदें शेष थीं। टी20 अंतरराष्ट्रीय में यह ऑस्ट्रेलिया की दूसरी सबसे तेज हार रही। इससे पहले 2021 टी20 विश्व कप में इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 50 गेंद शेष रहते हराया था।

दोनों टीमों के पावरप्ले के प्रदर्शन में भी बड़ा अंतर रहा। ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती छह ओवर में चार विकेट पर 58 रन बनाए, जबकि इंग्लैंड ने बिना विकेट गंवाए 79 रन ठोक दिए।

सॉल्ट ने 30 गेंदों में 58 रन बनाए। उन्होंने अपने चारों छक्के जोएल डेविस के एक ही ओवर में लगाए। इस ओवर में कुल 31 रन बने, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय में किसी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज का सबसे महंगा ओवर रहा।

डेविस के अलावा जैक एडवर्ड्स ने दो ओवर में 33 रन दिए और कोई विकेट नहीं लिया। एडम जाम्पा ने तीन ओवर में 43 रन खर्च किए, जबकि निखिल चौधरी ने 1.1 ओवर में 32 रन दिए। इंग्लैंड के आक्रामक बल्लेबाजों के सामने ऑस्ट्रेलिया के ज्यादातर गेंदबाज बेबस नजर आए।

केवल बेन ड्वारशुइस ने दो ओवर में 19 रन देकर एक विकेट और राइली मेरेडिथ ने तीन ओवर में 18 रन देकर एक विकेट हासिल किया। दोनों का इकॉनमी रेट 10 रन प्रति ओवर से कम रहा। बाएं हाथ के गेंदबाज ड्वारशुइस ने माना कि घरेलू टीम को ओस भरी परिस्थितियों के अनुरूप अपनी रणनीति में तेजी से बदलाव करना चाहिए था।

ड्वारशुइस ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, “उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और शुरुआती छह ओवर में ही मैच हमसे छीन लिया। उसके बाद हम लगातार उनके पीछे भागते रहे।”

डोनाल्ड की बल्लेबाजी के बारे में उन्होंने कहा, “मैंने उन्हें इंग्लैंड में थोड़ा खेलते हुए देखा था। मुझे पता है कि वह किस तरह आक्रामक बल्लेबाजी करते हैं और इसी अंदाज के साथ खेलते हैं। वह अपनी इस शैली में सफल भी होते हैं और असफल भी। आज की रात पूरी तरह उनकी रही। हमें ब्रिस्बेन में उनके इस प्रदर्शन का मुकाबला करने के लिए कुछ योजनाएं बनानी होंगी।”

ड्वारशुइस ने पावरप्ले को वह चरण बताया, जिसमें ऑस्ट्रेलिया को सबसे पहले सुधार करने की जरूरत है। मेलबर्न में खेले गए पहले मुकाबले में भी यही अंतर दिखाई दिया था। उस मैच में इंग्लैंड ने पावरप्ले में दो विकेट पर 74 रन बनाए थे, जबकि ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 53 रन था।

यह स्थिति फरवरी में खेले गए टी20 विश्व कप की भी याद दिलाती है, जहां शुरुआती छह ओवर में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को संघर्ष करना पड़ा था। उस समय टीम के पास जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क जैसे अनुभवी गेंदबाजों की सेवाएं उपलब्ध नहीं थीं।

ड्वारशुइस ने कहा, “बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों में पावरप्ले का प्रदर्शन चर्चा का विषय रहने वाला है। हमें आज रात के प्रदर्शन को पीछे छोड़ना होगा और ब्रिस्बेन में इससे बेहतर खेल दिखाना होगा।”

ड्वारशुइस ने इस मुकाबले में गेंद और बल्ले, दोनों से योगदान दिया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पारी के आखिरी तीन गेंदों पर लगातार छक्के लगाए। इसके बाद उन्होंने शानदार एक हाथ से कैच पकड़कर आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे सॉल्ट को आउट किया।

न्यू साउथ वेल्स और सिडनी सिक्सर्स के इस खिलाड़ी को इस साल की शुरुआत में पैट कमिंस के बाहर होने के बाद टी20 विश्व कप टीम में शामिल किया गया था। हालांकि, इस सीरीज के लिए घोषित शुरुआती टीम में उन्हें जगह नहीं मिली थी। जेवियर बार्टलेट और महली बियर्डमैन के चोटिल होने के बाद उन्हें अंतिम समय में चोटिल खिलाड़ी के विकल्प के रूप में टीम में शामिल किया गया।

टीम में अपनी भूमिका और मौके को लेकर ड्वारशुइस ने कहा, “मुझे लगातार यही संदेश दिया गया है कि मैं टीम में जगह बनाने के करीब हूं और मेरे बारे में विचार किया जा रहा है। जब भी मुझे मौका मिलता है, तो यह मेरे ऊपर निर्भर करता है कि मैं उसका पूरा फायदा उठाऊं। कुछ ऐसे मैच भी रहे हैं, जिनमें मैं अपने प्रदर्शन से खुश नहीं था।”

उन्होंने आगे कहा, “इस सीरीज में आखिरी समय पर बुलाए जाने और अपना खेल दिखाने का मौका मिलने से अच्छा लग रहा है। मैदान पर उतरकर यह दिखाने की कोशिश करना अच्छा है कि मैं क्या कर सकता हूं।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782729 Articles

Share this story