तेपे सिगेमान शतरंज टूर्नामेंट 2026: मैग्नस कार्लसन लगभग एक साल बाद हारे, अर्जुन एरिगैसी का मुकाबला ड्रॉ

WhatsApp Channel Join Now
तेपे सिगेमान शतरंज टूर्नामेंट 2026: मैग्नस कार्लसन लगभग एक साल बाद हारे, अर्जुन एरिगैसी का मुकाबला ड्रॉ


माल्मो, 05 मई (हि.स.)। तेपे सिगेमान शतरंज टूर्नामेंट 2026 में दुनिया के दिग्गज खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को लगभग एक साल बाद क्लासिकल प्रारूप में हार का सामना करना पड़ा। चौथे दौर में उन्हें जॉर्डन वान फोरेस्ट ने पराजित किया।

कार्लसन इससे पहले नॉर्वे शतरंज 2025 में डी. गुकेश के खिलाफ हारने के बाद से अजेय चल रहे थे। इस मुकाबले में वान फोरेस्ट ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और कार्लसन को वापसी का मौका नहीं दिया। अंत में जब उनका घोड़ा फंस गया, तो कार्लसन ने हार स्वीकार कर ली।

वान फोरेस्ट ने मैच के बाद कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह जीत जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह ड्रॉ के लिए तैयार थे, लेकिन अचानक खेल उनके पक्ष में चला गया और स्थिति बदल गई। उन्होंने इसे बेहद रोचक मुकाबला भी बताया।

वहीं भारत के अर्जुन एरिगैसी ने नोदिरबेक अब्दुसत्तारोव के साथ ड्रॉ खेला। इससे पहले अर्जुन ने निल्स ग्रैंडेलियस को हराया था। इस ड्रॉ के साथ अर्जुन, अब्दुसत्तारोव और वान फोरेस्ट संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।

अर्जुन ने मुकाबले में जीत हासिल करने की कोशिश की, लेकिन अंत में दोनों खिलाड़ियों ने अंक साझा किए। अगले दौर में अर्जुन का सामना जॉर्डन वान फोरेस्ट से होगा, जबकि अब्दुसत्तारोव निल्स ग्रैंडेलियस के खिलाफ खेलेंगे।

टूर्नामेंट में निल्स ग्रैंडेलियस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है और उन्हें लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा। वहीं झू जिनेर ने एंडी वुडवर्ड को हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story