सिंकफील्ड कप में प्रज्ञानानंद की दूसरी जीत, वान फॉरेस्ट को दी मात

WhatsApp Channel Join Now
सिंकफील्ड कप में प्रज्ञानानंद की दूसरी जीत, वान फॉरेस्ट को दी मात


सेंट लुइस, 14 अगस्त (हि.स.)। भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने सिंकफील्ड कप 2026 में शानदार वापसी करते हुए चौथे दौर में नीदरलैंड्स के ग्रैंडमास्टर जोरडेन वान फॉरेस्ट को हरा दिया। यह टूर्नामेंट में प्रज्ञानानंद की दूसरी जीत है और इसके साथ वह 2.5 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

गुरुवार को हुए मुकाबले में

सफेद मोहरों से खेलते हुए प्रज्ञानानंद के सामने वान फॉरेस्ट ने सिसिलियन डिफेंस का सहारा लिया। भारतीय ग्रैंडमास्टर ने चौथी चाल में ही अपनी वजीर को सक्रिय कर दिया, जबकि वान फॉरेस्ट ने किंग साइड कैसलिंग की।

मुकाबले की 14वीं चाल में वान फॉरेस्ट ने अपने वजीर के बदले हाथी और ऊंट हासिल किया।

हालांकि, प्रज्ञानानंद ने अपनी चालों की गति और दबाव बनाए रखते हुए डच खिलाड़ी को लगातार मुश्किल में रखा।

दोनों के बीच मुकाबला लंबा खिंचा और 71वीं चाल तक चला। वान फॉरेस्ट ने हाथी के सहारे प्रज्ञानानंद के प्यादे और वजीर के खिलाफ संघर्ष जारी रखने की कोशिश की, लेकिन भारतीय ग्रैंडमास्टर के लगातार दबाव के आगे उन्हें आखिरकार हार माननी पड़ी।

चार दौर के बाद अमेरिका के ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो तीन अंकों के साथ एकमात्र शीर्ष स्थान पर हैं। अब पांचवें दौर में प्रज्ञानानंद का सामना वेस्ली सो से होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story