प्राग शतरंज महोत्सव: डी. गुकेश को अरविंद चितांबरम ने हराया

WhatsApp Channel Join Now
प्राग शतरंज महोत्सव: डी. गुकेश को अरविंद चितांबरम ने हराया


प्राग, 04 मार्च (हि.स.)। प्राग शतरंज महोत्सव के मास्टर्स वर्ग के छठे दौर में मौजूदा फिडे विश्व चैंपियन डी. गुकेश को हमवतन अरविंद चितांबरम के हाथों हार का सामना करना पड़ा। डिफेंडिंग चैंपियन अरविंद ने सटीक रणनीति और धैर्यपूर्ण खेल के दम पर गुकेश को पराजित किया, जिससे अंकतालिका में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। इस हार के बाद गुकेश प्रतियोगिता में अंतिम स्थान पर पहुंच गए।

दिसंबर 2024 में विश्व खिताब जीतने के बाद से गुकेश अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने के लिए संघर्ष करते नजर आ रहे हैं। हालिया मुकाबलों में उनकी रेटिंग में भी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि उन्होंने पहले बड़े टूर्नामेंटों में मजबूत प्रदर्शन किया था, लेकिन इस प्रतियोगिता में उन्हें कठिन चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

सिसिलियन डिफेंस बना निर्णायक हथियार

इस मुकाबले में अरविंद चितांबरम ने काले मोहरों से सिसिलियन डिफेंस अपनाया। मध्य खेल में गुकेश ने एक प्यादा कुर्बान कर आक्रामक रुख अपनाया और जटिल स्थिति बनाने की कोशिश की। एक समय मुकाबला संतुलित दिखाई दे रहा था, लेकिन 40वीं चाल पर समय के दबाव में गुकेश से बड़ी गलती हो गई। इसके बाद कुछ ही चालों में अरविंद ने जीत सुनिश्चित कर ली। यह दिन का एकमात्र निर्णायक मुकाबला रहा, जबकि बाकी चार मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए।

जॉर्डन वान फॉरेस्ट बढ़त पर कायम

छठे दौर के बाद जॉर्डन वान फॉरेस्ट 4.5 अंकों के साथ एकल बढ़त बनाए हुए हैं। उन्होंने स्थानीय खिलाड़ी डेविड नवारा के साथ ड्रॉ खेला। उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव भी संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर बने हुए हैं और शीर्ष से केवल आधा अंक पीछे हैं।

डेविड एंटोन गुइजारो 3.5 अंकों के साथ शीर्ष खिलाड़ियों के करीब बने हुए हैं और खिताब की दौड़ अभी खुली हुई है।

अन्य भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन

महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख ने थॉमस बीर्डसन के साथ अपना मुकाबला ड्रॉ खेला। वहीं अनुभवी भारतीय ग्रैंडमास्टर सूर्य शेखर गांगुली ने दानिल युफा के साथ अंक साझा किए।

तीन दौर शेष रहते प्राग शतरंज महोत्सव का रोमांच चरम पर है और खिताब की जंग बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story