जीसीटी का खिताब जीतने पर प्रज्ञानानंद को तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
जीसीटी का खिताब जीतने पर प्रज्ञानानंद को तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दी बधाई


हैदराबाद, 28 अगस्त (हि.स.)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद को ग्रैंड चेस टूर (जीसीटी) का खिताब जीतकर इतिहास रचने पर बधाई दी है। उन्होंने प्रज्ञानानंद की उपलब्धि को देश के लिए गर्व का क्षण बताया और कहा कि उनकी सफलता अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिभा को एक बार फिर प्रदर्शित करती है।

तेलंगाना मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में रेवंत रेड्डी ने कहा कि प्रज्ञानानंद की ऐतिहासिक सफलता हर भारतीय नागरिक के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि प्रज्ञानानंद की उपलब्धि खेलों में आगे बढ़ने का सपना देखने वाले युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि प्रज्ञानानंद भविष्य में भी कई बड़ी सफलताएं हासिल करेंगे और देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

अमेरिका के सेंट लुइस में खेले गए जीसीटी फाइनल में प्रज्ञानानंद ने अमेरिका के फैबियानो करूआना को 15-13 से हराकर खिताब अपने नाम किया। भारतीय ग्रैंडमास्टर मुकाबले के क्लासिकल चरण के बाद 3-9 से पीछे थे, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए खिताब पर कब्जा किया।

पहले रैपिड मुकाबले में प्रज्ञानानंद ने 4-0 से जीत दर्ज की और दूसरे रैपिड मुकाबले में भी 4-0 से जीत हासिल कर स्कोर 11-9 कर दिया। इसके बाद पहला ब्लिट्ज मुकाबला ड्रॉ रहा, जबकि करूआना ने दूसरा ब्लिट्ज मुकाबला जीतकर स्कोर 12-12 कर दिया।

प्रज्ञानानंद ने इसके बाद तीसरे ब्लिट्ज मुकाबले में जीत दर्ज कर 14-12 की बढ़त बनाई। अंतिम मुकाबला ड्रॉ रहने के साथ उन्होंने 15-13 से मुकाबला अपने नाम कर ऐतिहासिक खिताब जीत लिया।

22 से 27 अगस्त तक खेले गए जीसीटी फाइनल में प्रज्ञानानंद के अलावा अमेरिका के वेस्ली सो, फैबियानो करूआना और जर्मनी के विंसेंट कीमर ने हिस्सा लिया था।

छह प्रतियोगिताओं वाले ग्रैंड चेस टूर 2026 में सुपर रैपिड एंड ब्लिट्ज पोलैंड, सुपर चेस क्लासिक रोमानिया, सुपर रैपिड एंड ब्लिट्ज क्रोएशिया, सेंट लुइस रैपिड एंड ब्लिट्ज, सिनक्वेफील्ड कप और अंत में जीसीटी फाइनल शामिल थे।

प्रज्ञानानंद ने सिनक्वेफील्ड कप में अमेरिका के वेस्ली सो के साथ संयुक्त रूप से सर्वाधिक 5.5 अंक हासिल किए थे। इसके बाद सेंट लुइस रैपिड एंड ब्लिट्ज में उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें जीसीटी फाइनल में जगह दिलाई, जहां उन्होंने करूआना को हराकर अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक हासिल की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story