टोटल चेस फाइनल में गिरी ने बनाई बढ़त, कार्लसन ने शानदार वापसी से जीता मुकाबला

WhatsApp Channel Join Now
टोटल चेस फाइनल में गिरी ने बनाई बढ़त, कार्लसन ने शानदार वापसी से जीता मुकाबला


टोटल चेस फाइनल में गिरी ने बनाई बढ़त, कार्लसन ने शानदार वापसी से जीता मुकाबला


बुडापेस्ट, 20 नवंबर (हि.स.)।नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर अनीश गिरी ने टोटल चेस विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट के फाइनल के पहले दिन ईरान के अलीरेजा फिरोजा को 11-9 से हराकर बढ़त बना ली। गुरुवार को खेले गए मुकाबले में गिरी की ब्लिट्ज में बेहतर प्रदर्शन निर्णायक साबित हुआ। दोनों खिलाड़ियों के बीच रैपिड मुकाबलों में एक-एक जीत हुई, जबकि फास्ट क्लासिकल गेम ड्रॉ रहा।

गिरी को शुक्रवार को खिताब जीतने के लिए केवल जीत या ड्रॉ की जरूरत है। वहीं, फिरोजा को मुकाबला बराबर कर टाईब्रेक तक पहुंचाने के लिए दूसरे दिन जीत दर्ज करनी होगी। दोनों दिनों के अंक अलग-अलग रखे जाएंगे। यदि दोनों खिलाड़ी एक-एक दिन जीतते हैं या दोनों दिन ड्रॉ रहते हैं तो आर्मागेडन टाईब्रेक से विजेता का फैसला होगा।

नॉकआउट के प्रत्येक दिन सात मुकाबले खेले जाते हैं, जिनमें चार ब्लिट्ज, दो रैपिड और एक फास्ट क्लासिकल गेम शामिल है। ब्लिट्ज में जीत पर एक, रैपिड में चार और फास्ट क्लासिकल में आठ अंक मिलते हैं। ड्रॉ होने पर दोनों खिलाड़ियों को आधे अंक दिए जाते हैं।

कारुआना ने भी बनाई बढ़त

तीसरे स्थान के लिए खेले जा रहे मुकाबले में अमेरिका के फैबियानो कारुआना ने फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव को पहले दिन 11-9 से हराया। कारुआना ने शुरुआती दोनों ब्लिट्ज गेम जीते। उन्होंने एक जीत सफेद और दूसरी काले मोहरों से दर्ज की। इसके बाद बाकी पांचों गेम ड्रॉ रहे। कारुआना को तीसरा स्थान हासिल करने के लिए शुक्रवार को जीत या ड्रॉ की जरूरत है।

कार्लसन की शानदार वापसी

दुनिया के दिग्गज खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने 17वें स्थान के मुकाबले में व्लादिस्लाव आर्टेमिएव को 11-9 से हराकर दिन का अंत जीत के साथ किया। कार्लसन एक समय 3-9 से पीछे चल रहे थे। उन्होंने चार में से तीन ब्लिट्ज गेम जीते थे, लेकिन रैपिड के दोनों मुकाबले गंवा दिए। इसके बाद फास्ट क्लासिकल गेम में सफेद मोहरों से जीत दर्ज कर उन्होंने मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस प्रतियोगिता में फास्ट क्लासिकल प्रारूप में कार्लसन की यह पहली जीत रही।

पांचवें स्थान के मुकाबले में हंस मोके नीमन ने जान-क्रिजिस्तोफ डूडा को 13.5-6.5 से हराया। नीमन सातों गेम में अपराजित रहे। उन्होंने शुरुआती तीन ब्लिट्ज गेम और पहला रैपिड गेम जीता। वहीं, 13वें स्थान के मुकाबले में वेस्ली सो ने लेवोन एरोनियन को 12.5-7.5 से शिकस्त दी।

मेजबान देश के रिचर्ड रापोर्ट ने 11वें स्थान के मुकाबले में जोरडेन वान फॉरेस्ट को 11-9 से हराया। रापोर्ट ने ब्लिट्ज और रैपिड मुकाबलों के बाद 11-1 की अजेय बढ़त बना ली थी। इसके बाद उन्होंने फास्ट क्लासिकल गेम छोड़ दिया, जिससे दिन का अंतिम स्कोर 11-9 रहा।

भारतीय खिलाड़ियों का मिला-जुला प्रदर्शन

भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने 21वें स्थान के मुकाबले में अभिमन्यु मिश्रा को 12-8 से हराकर अच्छी शुरुआत की। ब्लिट्ज मुकाबले 2-2 से बराबर रहे। इसके बाद प्रज्ञानानंद ने पहला रैपिड गेम जीता और बाकी दोनों मुकाबले ड्रॉ कराए।

वहीं, नौवें स्थान के मुकाबले में अर्जुन एरिगैसी को अर्मेनिया के हाइक मार्टिरोस्यान के खिलाफ 5.5-14.5 से हार का सामना करना पड़ा। अर्जुन ने शुरुआती तीन ब्लिट्ज गेम जीते और चौथा ड्रॉ कराया था। हालांकि, मार्टिरोस्यान ने रैपिड में एक जीत और एक ड्रॉ के साथ वापसी की। इसके बाद उन्होंने काले मोहरों से फास्ट क्लासिकल गेम जीतकर दिन का मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भारतीय ग्रैंडमास्टर वैशाली रमेशबाबू को 23वें स्थान के मुकाबले में नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव के खिलाफ 4-16 से हार झेलनी पड़ी।

अन्य मुकाबलों के परिणाम

* पांचवें से आठवें स्थान के मुकाबले में इयान नेपोमनियाची ने लेइम ले को 14-6 से हराया।

* नौवें से 12वें स्थान के मुकाबले में हाइक मार्टिरोस्यान ने अर्जुन एरिगैसी को 14.5-5.5 से हराया।

* 13वें से 16वें स्थान के मुकाबले में विंसेंट कीमर ने शाखरियार मामेद्यारोव को 14.5-5.5 से शिकस्त दी।

* 17वें से 20वें स्थान के मुकाबले में एंड्रयू होंग ने बिबिसारा अस्साउबायेवा को 15-5 से हराया।

* 21वें से 24वें स्थान के मुकाबले में नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव ने वैशाली रमेशबाबू को 16-4 से हराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780126 Articles

Share this story