बीएफआई ने मैट्स रिकार्ड निल्सन को खेल विज्ञान प्रमुख नियुक्त किया, लॉस एंजिलिस ओलंपिक तक संभालेंगे जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now
बीएफआई ने मैट्स रिकार्ड निल्सन को खेल विज्ञान प्रमुख नियुक्त किया, लॉस एंजिलिस ओलंपिक तक संभालेंगे जिम्मेदारी


नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) ने रविवार को मैट्स रिकार्ड निल्सन को खेल विज्ञान प्रमुख नियुक्त किया। वह लॉस एंजिलिस ओलंपिक-2028 तक भारतीय मुक्केबाजों की क्षमता को निखारने और उनके प्रदर्शन को बेहतर बनाने में मदद करेंगे।

स्वीडिश ओलंपिक दल के साथ काम कर चुके निल्सन खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के साथ मिलकर वैज्ञानिक प्रशिक्षण पद्धतियों को मजबूत करने, प्रदर्शन की निगरानी और खिलाड़ियों के विकास पर काम करेंगे। उनका कार्यकाल लॉस एंजिलिस ओलंपिक-2028 तक रहेगा।

बीएफआई अध्यक्ष अजय सिंह ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि यह नियुक्ति महासंघ के खेल विज्ञान तंत्र को मजबूत करने और खिलाड़ियों की तैयारी में व्यवस्थित तथा साक्ष्य-आधारित दृष्टिकोण शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि मैदान पर खिलाड़ियों के साथ काम करने और लगातार दूरस्थ सहयोग के माध्यम से प्रदर्शन का नियमित आकलन, वैज्ञानिक प्रशिक्षण उपाय और प्रत्येक खिलाड़ी के लिए व्यक्तिगत विकास योजना सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

पूर्व भारोत्तोलक निल्सन वर्ष 2019 में भी भारतीय मुक्केबाजों के साथ काम कर चुके हैं। उन्हें शारीरिक मजबूती और फिटनेस प्रशिक्षण के क्षेत्र में 30 वर्ष से अधिक का अनुभव है। बीएफआई के साथ मौजूदा कार्य व्यवस्था के तहत निल्सन हर साल कई चरणों में कुल 75 दिन टीम के साथ प्रत्यक्ष रूप से काम करेंगे। वर्ष के शेष समय में वह महासंघ की खेल विज्ञान टीम को दूरस्थ सहयोग देंगे।

निल्सन ने कहा कि भारतीय मुक्केबाजी कार्यक्रम से जुड़कर वह बेहद खुश हैं और इस प्रतिभाशाली टीम के साथ योगदान देने के लिए उत्साहित हैं। खिलाड़ियों, कोचों और सहयोगी स्टाफ को देखने के बाद उन्हें लगता है कि टीम के पास आगे बढ़ने के लिए मजबूत आधार मौजूद है।

उन्होंने कहा कि उनका मुख्य ध्यान कोचिंग टीम के साथ मिलकर शारीरिक तैयारी, प्रशिक्षण के भार का प्रबंधन और खिलाड़ियों के आराम तथा रिकवरी के लिए साझा रणनीति तैयार करने पर रहेगा। वह यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि खिलाड़ी की तैयारी का हर पहलू उसके प्रदर्शन को बेहतर बनाने में योगदान दे। लक्ष्य भारतीय मुक्केबाजों को फिट रखना, लगातार अच्छा प्रदर्शन करने में सक्षम बनाना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अगला मुकाम हासिल करने में मदद करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777407 Articles

Share this story