एशियन खेल 2026: कपिल पोखरिया को 90 किग्रा में कांस्य, सेमीफाइनल में विश्व चैंपियन से हारे

WhatsApp Channel Join Now
एशियन खेल 2026: कपिल पोखरिया को 90 किग्रा में कांस्य, सेमीफाइनल में विश्व चैंपियन से हारे


आइची-नागोया, 30 सितंबर (हि.स.)। भारतीय मुक्केबाज कपिल पोखरिया ने एशियन खेल 2026 में पुरुषों के 90 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल में कपिल को उज्बेकिस्तान के मौजूदा विश्व चैंपियन तुराबेक खबीबुल्लायेव के खिलाफ 1-4 के स्प्लिट डिसीजन से हार का सामना करना पड़ा।

तुराबेक ने मुकाबले की शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। उन्होंने पहला राउंड 5-0 से अपने नाम किया, जबकि दूसरे राउंड में भी 4-1 से बढ़त हासिल की। भारतीय मुक्केबाज ने वापसी की कोशिश की लेकिन उज्बेकिस्तान के खिलाड़ी की बढ़त को पाट नहीं सके। अंत में जजों के बहुमत के फैसले से तुराबेक को विजेता घोषित किया गया।

तुराबेक 2022 हांगझोऊ एशियन खेल के कांस्य पदक विजेता भी हैं और मौजूदा विश्व चैंपियन होने के कारण उन्हें मुकाबले में मजबूत दावेदार माना जा रहा था।

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से आने वाले कपिल ने सीमित खेल सुविधाओं के बावजूद अपनी मेहनत और लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर भारतीय मुक्केबाजी टीम में जगह बनाई। 90 किग्रा वर्ग में अपनी ताकत और दमदार पंच के लिए पहचाने जाने वाले कपिल ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है।

कपिल ने 2025 राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा उन्होंने 2026 उस्ती नाद लाबेम ग्रां प्री में रजत पदक हासिल किया। उनके लगातार प्रदर्शन के आधार पर उन्हें 2026 राष्ट्रमंडल खेलों और एशियन खेल के लिए भारतीय टीम में जगह मिली।

इस बीच, कपिल के कांस्य पदक के साथ एशियन खेल 2026 में भारत के कुल पदकों की संख्या 59 हो गई है। भारत पदक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गया है। भारत के खाते में अब 10 स्वर्ण, 21 रजत और 28 कांस्य पदक हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story