एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप: भारत की प्रीति पवार और दीपक क्वार्टरफाइनल में

WhatsApp Channel Join Now
एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप: भारत की प्रीति पवार और दीपक क्वार्टरफाइनल में


नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। मंगोलिया में खेले जा रहे एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में भारतीय मुक्केबाजों ने शानदार शुरुआत की है। भारत की प्रीति पवार और दीपक ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। दोनों खिलाड़ियों ने मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

महिला वर्ग के 54 किलोग्राम भार वर्ग में वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल्स की स्वर्ण पदक विजेता प्रीति पवार ने कजाकिस्तान की एलिना बाज़ारोवा को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हराया। एलिना बाज़ारोवा वर्ष 2025 की एशियन अंडर-22 चैंपियन रह चुकी हैं, लेकिन प्रीति ने बेहद सधे हुए खेल का प्रदर्शन करते हुए उन्हें कोई मौका नहीं दिया और शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।

वहीं पुरुष वर्ग के 70 किलोग्राम भार वर्ग में दीपक ने उज़्बेकिस्तान के खवासबेक असादुल्लाएव को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराया। दीपक, जो बॉक्सम एलीट इंटरनेशनल 2026 के रजत पदक विजेता और एशियन यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2022 के कांस्य पदक विजेता रह चुके हैं, उन्होंने पूरे मुकाबले में संयम और रणनीतिक समझ का शानदार प्रदर्शन किया। उज़्बेकिस्तान को शौकिया मुक्केबाजी में मजबूत देश माना जाता है, ऐसे में यह जीत दीपक के आत्मविश्वास को और बढ़ाएगी।

भारतीय दल ने टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में दो मुकाबलों में दो जीत हासिल कर शानदार शुरुआत की है। अब क्वार्टरफाइनल में प्रीति पवार का सामना मेजबान मंगोलिया की एंखजार्गल मुंगुंत्सेत्सेग से होगा, जबकि दीपक का मुकाबला जॉर्डन के ज़ेयाद ईशाश से होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story